57 उद्योगों और 38 घरों को सफाई न रखने पर नोटिस
परवाणू में डेंगू फैलने के बाद स्वच्छता न रखने परस्वास्थ्य महकमे की कार्रवाई
परवाणू क्षेत्र में वीरवार को सामने आए डेंगू के 10 नए मामले
अमर उजाला ब्यूरो
परवाणू (सोलन)। परवाणू में बढ़ रहे डेंगू के प्रकोप को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में साफ-सफाई न रखने वाले उद्योगों और घरों को विभाग ने नोटिस जारी कर दिए हैं। वीरवार को डेंगू के मामलों में कोई भी रोकथाम देखने को नहीं मिली। परवाणू अस्पताल में करवाए एलिजा टेस्ट में 13 लोगों में से 10 मामले डेंगू के पॉजीटिव आए हैं। परवाणू में डेंगू ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। गौर रहे कि हर दिन परवाणू में डेंगू के करीब 10 मामले सामने आ रहे हैं। अब तक परवाणू में डेंगूके 176 मामले सामने आ चुके हैं। डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 16 टीमों को लगाया है। वहीं डेंगू के मामले रुकने कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि बरसात ज्यादा होने से डेंगू और ज्यादा बढ़ता जा रहा है। डेंगू के बढ़ने का कारण बन रहे उद्योगों को विभाग ने नोटिस दिए हैं। बताया जा रहा है कि परवाणू में सफाई न रखने पर विभाग ने 57 संस्थानों और 38 घरों को नोटिस जारी किए हैं। परवाणू ईएसआई अस्पताल के कार्यकारी अधिकारी डॉ. विनोद कपिल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 57 उद्योगों व व्यवसायिक संस्थानों और 38 घरों को सफाई व्यवस्था ठीक न रखने पर नोटिस जारी किया है।