धर्मपुर में अब तीसरे दिन में मिलेगा पानी
पेयजल वितरण व्यवस्था में सुधार के लिए क्षेत्र को चार जोन में बांटने की तैयारी
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने दिए आदेश, हरकत में महकमा
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मपुर(सोलन)। धर्मपुर क्षेत्र में पीने के पानी की बिगड़ती स्थिति को काबू करने के लिए सामाजिक न्याय एवं सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने आईपीएच विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जल वितरण प्रणाली को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने आईपीएच विभाग को जल्द पानी की सप्लाई के लिए विशेष सिस्टम बनाने का आदेश दिया। नए सिस्टम के अनुसार धर्मपुर को चार जोन में बांटा जाएगा। चारों जोन में पानी की चार ब्रांचें बनाई जाएंगी। इन ब्रांचों को सीधा मुख्य पानी के टैंकों से जोड़ा जाएगा। इनसे सीधा लोगों के कनेक्शन जोड़े जाएंगे ताकि लोगों को हर तीन दिन बाद पानी की आपूर्ति हो सके। उन्होंने आईपीएच अधिकारियों को कहा कि पिछले काफी वर्षों से धर्मपुर में पानी की आपूर्ति ठीक नहीं की जा रही है। लोगों की आईपीएच विभाग के प्रति अकसर नाराजगी रहती है। ग्राम सभाओं में भी स्थानीय लोगों की आईपीएच के प्रति नाराजगी रहती है। विभाग ने लोगों को कहीं चार दिन बाद तो कहीं सात दिन बाद पानी की आपूर्ति कर रहा है। जल की आपूर्ति में भेदभाव के आरोप लगाए जाते हैं। पानी के पाइपों की लीकेज से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है।