नालागढ़ (सोलन)। बरसात के मौसम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर लोगों को नदी-नालों के पास न जाने की हिदायत दी है। प्री मॉनसून की बारिशों के साथ ही बरसात में आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन ने ऐहतियातन कदम उठा लिए हैं। बारिश होने की सूरत में किसी भी प्रकार की आपदा और आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाने के दृष्टिगत उपमंडल प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया है। यहां तहसीलदार नालागढ़, बद्दी और रामशहर को इसका नोडल आफिसर नियुक्त कर दिया है। उपमंडल के विभिन्न विभागों के 32 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी इसमें लगाई गई है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे खुला रहेगा और किसी भी प्रकार की स्थिति तथा परिस्थितियों से निपटने में पूरी मदद करेगा। हर वर्ष बरसात में लाखों की संपदा नष्ट हो जाती है और ऐसे में त्वरित कार्रवाई के लिए तथा नुकसान को कंट्रोल करने के लिए उपमंडल प्रशासन यह कंट्रोल रूम स्थापित करता है, जोकि मिनी सचिवालय परिसर में ही बना दिया है। उपमंडल प्रशासन ने नदी, नालों और खड्डों के किनारे बसे लोगों तथा प्रवासियों को वहां से अन्यत्र स्थान पर विस्थापित करने के पहले ही राजस्व विभाग के अधिकारियों को आदेश जारी कर रखे है।
बरसात में किसी भी प्रकार की विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए उपमंडल प्रशासन ने तैयारियों को मूर्त रूप दिया है। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में बरसात में भारी वर्षा से कई क्षेत्र जलमग्न हो जाते हैं और नदी नालों और खड्डों का जलस्तर बढ़ जाता है। क्षेत्र में हुई बरसातों में कई पुल दरक चुके हैं और वर्ष 2007 की भारी बरसात में नालागढ़ स्वारघाट हाइवे का चिकनी नदी का पुल दरक गया था। बीते वर्ष की बरसात में बद्दी बरोटीवाला मार्ग को जोड़ने वाला बाल्द नदी पर लक्कड़ डिपो पुल दरक गया था। कई लोगों के मकानों में पानी घुस जाता है और मकान जमींदोज हो जाते हैं। ऐसे में बरसात में किसी प्रकार की अनहोनी न हो और समय रहते राहत और बचाव का काम किया जा सके।
आपात स्थिति पर 223024 पर करें फोन : देष्टा
एसडीएम प्रशांत देष्टा ने कहा कि मिनी सचिवालय में कंट्रोल रूम स्थापित करके नोडल आफिसरों और कर्मचारियों की जिम्मेवारियों को सुनिश्चित बनाया है। बरसात में किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में कंट्रोल रूम तुरंत सहायता मुहैया करवाएगा। लोगों से आह्वान किया कि बरसात में किसी भी प्रकार की आपदा और आपात स्थिति की सूरत में तुरंत ही कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01795-223024 पर संपर्क करें।