धर्मपुर (सोलन)। छावनी क्षेत्रों से गुजरने वाली सार्वजनिक सड़कों को आवाजाही के लिए अब बंद नहीं किया जा सकेगा। इस बाबत देश के 62 छावनी क्षेत्रों को रक्षा मंत्रालय ने निर्देश जारी किए हैं। सिर्फ सुरक्षा कारणों के चलते ही सड़कों को बंद किया जा सकता है। वीरवार को हुई छावनी बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया गया कि इन निर्देशों के लिए छावनी बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित कर आम जनता को सूचित किया जाएगा। इस बारे लोगों से भी सुझाव लिए जाएंगे।
सुझाव के बाद बोर्ड द्वारा पारित प्रस्ताव को जीओसी को भेजा जाएगा। इस फैसले से क्षेत्र के भी हजारों लोगों को फायदा होगा। इन सड़कों से अब लोग बेरोकटोक जा सकेंगे। हालांकि अब सेना प्रशासन यह तय करेगा कि लोगों की आवाजाही किस आधार पर होगी ताकि सुरक्षा प्रबंधों में कोई सेंध नहीं लगा सके। इस फैसले का मकसद स्थानीय लोगों की परेशानी कम करना है। लेकिन सुरक्षा के साथ भी किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। छावनी परिषद के उपाध्यक्ष चितरंजन स्याल, पार्षद राकेश, मनीष शर्मा और सुकन्या ने बताया कि छावनी परिषद की बोर्ड की बैठक में छावनी बोर्ड के अध्यक्ष की ओर से डिफेंस मनिस्ट्री से आए आदेशों की जानकारी जल्द मुहैया करवाई की जाएगी। इसके अलावा बैठक में छावनी परिषद डगशाई की सड़कों की रिपेयर के लिए कसौली और डगशाई छावनी के ब्रिगेडियर विक्रम शर्मा ने फेस वाइज ठीक करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इसका काम शुरू हो चुका है। इसके बाद दूसरे चरने में कुमारहट्टी से चैंरिग क्रास तक सड़क की मरम्मत की जाएगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि एमईएस प्रशासन द्वारा एमईएस के तहत आने वाली सडकों पर 90 स्ट्रीट लाइटें लगवाई जा रही हैं। इन लाइटों के लगने से लोगों को काफी फायदा मिलेगा।