नालागढ़ (सोलन)। विद्युत उपभोक्ताओं को अब बिजली बिलों की जानकारी के लिए बिल का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बिजली बिल की सूचना तुरंत ही एसएमएस और ईमेल के माध्यम से उपभोक्ताओं को उनके मोबाइल फोन पर मिल जाएगी। विद्युत बोर्ड नालागढ़ के तहत उद्योगों को ई मेल के माध्यम से बिजली बिलों की सूचना प्रदान की जा रही है। जल्द ही यह सुविधा घरेलू उपभोक्ताओं के लिए मोबाइल पर मेसेज के माध्यम से मुहैया करवाई जाएगी। इससे उपभोक्ता तुरंत ही बिजली बिल की जानकारी हासिल करने पर बिल का भुगतान कर सकेंगे।
विद्युत बोर्ड संबंधित उपभोक्ताओं के नंबर और ई मेल आईडी एकत्रित कर रहा है। जल्द ही यह बिजली बिलों के साथ अपडेट हो जाएगी। बिजली बिल की सूचना के साथ तुरंत इसका मेसेज डिस्पले होगा जिससे उपभोक्ता को अपने बिजली बिल की जानकारी प्राप्त हो सकेगी। वह अपने-अपने बिजली बिल जमा करवा सकेंगे। विद्युत बोर्ड के नालागढ़ के डिवीजन एक और दो के तहत उद्योगपतियों को ईमेल के माध्यम से बिजली बिल भेजने शुरू कर दिए हैं।
योजना के तहत बिजली बिलों को देने के साथ विद्युत कर्मचारी उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी प्राप्त करने में जुटे है। उपभोक्ताओं की विद्युत बोर्ड सूची तैयार करके उन उपभोक्ताओं के साथ उनके मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी लिंक करेगा और महीने में आने वाले बिल की तुरंत ही मेसेज के माध्यम से उपभोक्ताओं को जानकारी हासिल हो सकेगी।
विद्युत बोर्ड नालागढ़ डिवीजन एक के एसडीओ बाबूराज ठाकुर और डिवीजन दो के एसडीओ गुरप्रीत सिंह ने कहा कि उपभोक्ताओं को बिल देने के समय उनके मोबाइल नंबर तथा ईमेल आईडी मांगे जा रहे हैं। उद्योगपतियों को ईमेल के माध्यम से बिजली बिल भेजे जा रहे हैं और जल्द ही आम उपभोक्ताओं को भी मोबाइल पर इस संबंध में मेसेज मिलना शुरू हो जाएंगे।
नालागढ़ में 45 हजार हैं विद्युत उपभोक्ता
विद्युत उपमंडल नालागढ़ के तहत सब डिवीजन एक, सब डिवीजन दो सहित नंड, रामशहर औ जोघों आते हैं। इसमें करीब 45,000 विद्युत के घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ता हैं। विद्युत उपमंडल के तहत सब डिवीजन नालागढ़ एक और दो में करीब 30 हजार से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं से प्रतिमाह 25 करोड़ रुपये के बिजली बिलों का कार्य होता है। इस कार्य के तहत विद्युत बोर्ड को उपभोक्ताओं को बिजली बिल देने होते हैं और इस प्रक्रिया में काफी वक्त लग जाता है। अब नई प्रक्रिया से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।