बद्दी (सोलन)। ऐतिहासिक अमरनाथ यात्रा को लेकर शिवसेना ने कड़ा संज्ञान लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। शिव सेना पंजाब की बैठक जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार की अध्यक्षता में बद्दी में हुई। इसमें अमरनाथ यात्रा पर विशेष चरचा के साथ यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और भंडारा लगाने वाली संस्थाओं की सुरक्षा को लेकर मंथन किया गया।
जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार ने आग्रह किया कि अमरनाथ यात्रा के दौरान यात्रियों के लिए केंद्र सरकार कड़े सुरक्षा प्रबंध करे। पिछले साल अमरनाथ यात्रा में काफी रुकावटें आईं थीं तथा यात्रियों और सैनिकों पर पथराव किया था। कई भंडारों को शरारती तत्वों ने तहस नहस करने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि इस बार किसी प्रकार का विघ्न और बवाल नहीं होना चाहिए। यात्रा बिना किसी व्यवधान के पूरी तरह से सफल होनी चाहिए जिसके लिए शिवसेना केंद्र सरकार से सुरक्षा प्रबंध को पुख्ता करने की मांग कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारत में हिंदू सरकार होने के बावजूद हिंदुओं के साथ निराशाजनक व्यवहार किया जा रहा है। लेकिन यदि इस बार अमरनाथ यात्रा में कोई विवाद हुआ तो शिवसेना बर्दाश्त नहीं करेगी। केंद्र सरकार यात्रियों तथा लंगर लगाने वाली संस्थाओं की सुरक्षा के कड़े और पुख्ता प्रबंध करे। इसके लिए शिवसेना अमरनाथ यात्रा के अहम मुद्दे को लेकर जल्द ही केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ से मिलेगी। मांग करेगी कि अमरनाथ यात्रा को सही ढंग से और पूरी सुरक्षा के साथ शुरू किया जाए। बैठक में रोहित, संजीव, दिव्याम, रोबिन, रवी, हंसराज, प्रशांत, राहुल, दिलप्रीत, सोनी, राहुल, अनिल, लखवीर, जसवीर, मनोज इंद्रजीत, हरीश, रफीक, मनोज, शुभम, सचिन और हनी आदि मौजूद रहे।