अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा ने कहा कि जनमंच में विभागीय अधिकारियों की प्रतिबद्धताओं का औचक निरीक्षण किया जाएगा जिससे चले कि वास्तव में समस्या का समाधान हुआ है या नहीं। जो समस्याएं जनमंच में सामने आती हैं, अधिकारियों को हर हाल में उनका निपटारा करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनमंच कार्यक्रम से बिना किसी भेदभाव के शिकायतों को निपटारा किया जा रहा है।
नरेंद्र बरागटा रविवार को सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रामशहर में आयोजित जनमंच की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनमंच में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय में निपटारा सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि जनमंच कार्यक्रम शिकायत निवारण एवं प्रदेश सरकार तक विभिन्न कार्यों की उचित फीडबैक का सशक्त माध्यम बन कर उभरा है।
रामशहर में आयोजित जनमंच कार्यक्रम में 161 समस्याएं लोगों ने प्रस्तुत की। इसमें 107 का मौके पर ही निपटारा किया गया जबकि अन्य शेष 54 समस्याओं को संबंधित विभागों को समयबद्ध निपटारे के निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के बेहड़ी, धरमाणा, चड़ोग, कोइड़ी, डोली, मित्तियां, भवासणी, रामशहर पंचायतों की समस्याओं को सुना गया। इस मौके पर नालागढ़ के विधायक लखविंद्र राणा, जिला भाजपा अध्यक्ष केएल ठाकुर, भाजपा प्रदेश सचिव रतन सिंह पाल, उपायुक्त सोलन केसी चमन, पुलिस अधीक्षक बद्दी रोहित मालपानी, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल, विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
115 जनमंचों का हो चुका है आयोजन
पिछले 115 जनमचों के माध्यम से 32 हजार से अधिक समस्याएं व शिकायतें प्रदेश सरकार के समक्ष आई हैं जिनमें से अधिकतर का निपटारा कर दिया गया है। इस दौरान 336 स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इन जनमंचों में अब तक 34 हजार 875 विभिन्न प्रमाण पत्र बनाए गए। 418 शौचालय स्वीकृत हुए।
प्रदेश में नशीले पदार्थों पर चिंता की व्यक्त
प्रदेश में नशीले पदार्थों के चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस दिशा में सरकार पग उठा रही हैै। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के प्रत्येक क्रियाकलाप पर नजर रखें। वहीं कार्यक्रम से पूर्व इससे नरेंद्र बरागटा ने एक बूटा बेटी के नाम योजना के अंतर्गत पौधरोपण किया। इस अवसर पर नरेंद्र बरागटा ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिलाओं को सम्मानित किया। बेटी है अनमोल योजना के तहत 10-10 हजार रूपये की एफडी भी प्रदान की गई।
विभिन्न प्रमाण पत्र भी बनाए
जनमंच में 186 हिमाचली प्रमाण पत्र, 34 चरित्र प्रमाण पत्र तथा 74 आय प्रमाण पत्र बनाए गए। 67 व्यक्तियों को परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध करवाई गई। 34 अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र और आठ अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र बनाए गए। 77 इंतकाल किए गए। 12 हलफनामे तैयार किए गए। जनमंच में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निशुल्क शिविर में 345 रोगियों की स्वास्थ्य जांच की गई। 52 रोगियों का नेत्र परीक्षण किया गया। 98 आधार पंजीकरण किए गए। 24 लर्नर ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए। आयुर्वेद विभाग ने शिविर में 140 और होम्योपैथी शिविर में 75 रोगियों की जांच की गई।