अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शहर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग की मुहिम जारी है। शुक्रवार को जिला परिवहन विभाग ने सोलन-चंबाघाट मार्ग पर मोहन पार्क के समीप नाका लगाकर 15 वाहनों के चालान काटे। इनमें ऑटो, बस सहित अन्य वाहन शामिल हैं। ऑटो के ज्यादा किराया वसूली और ओवरलोडिंग के चालान काटे गए हैं। इसके अलावा दो बसों के म्यूजिक सिस्टम सहित चालक-परिचालक के पास वर्दी न होने पर चालान काटे गए। वहीं अन्य छोटे वाहनों पर भी विभाग की ओर से कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार सोलन शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में बसों, ऑटो सहित स्कूल वाहनों में ओवरलोडिंग और ओवरचार्जिंग की जा रही थी। इसकी शिकायत परिवहन विभाग को लोगों ने दी है। इसके बाद परिवहन विभाग ने नाका लगाकर उक्त वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
ओवरलोडिंग को लेकर जिला प्रशासन सख्त
प्रदेश भर में हर वर्ष बसों सहित अन्य वाहनों में ओवरलोडिंग के कारण बड़े हादसे हो चुके हैं। सैकड़ों लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। ओवरलोडिंग को लेकर जिला प्रशासन सहित संबंधित विभाग सख्त है। इसके चलते रोजाना संबंधित विभागों की ओर से निजी सहित अन्य वाहनों में ओवरलोडिंग को लेकर नाका लगाया जा रहा है और पकड़े जाने पर कार्रवाई भी की जा रही है।
आगामी दिनों में जारी रहेगी कार्रवाई
आरटीओ सोलन सुरेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को नाका लगाकर बसों, ऑटो सहित अन्य वाहनों की चेकिंग की गई है। बसों के दस्तावेजों समेत अन्य विषयों की भी जांच की गई। ऑटो चालकों के ज्यादा किराया वसूलने और ओवरलोडिंग के चालान काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी मुहिम आगे भी जारी रहेगी।