अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। नगर परिषद नालागढ़ में एक बार फिर सियासी घमासान मच गया है। इस बार नप उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। पांच साल की चुनी गई परिषद में यह चौथी बार अविश्वास प्रस्ताव लाया है। इससे पहले दो बार नगर परिषद अध्यक्ष और एक बार उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा चुका है।
नगर परिषद उपाध्यक्ष से खफा पार्षदों ने डीसी कार्यालय में जाकर एसी टू डीसी को उपाध्यक्ष के खिलाफ लाए अविश्वास प्रस्ताव के तहत ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की। इसमें नप अध्यक्ष सहित चार पार्षद शामिल हैं। इससे नालागढ़ में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है। परिषद में घटे राजनीतिक घटनाक्रम से नालागढ़ शहर में दिन भर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
नप अध्यक्ष नीरू शर्मा, पार्षद महेश गौतम, धर्मेंद्र राणा, आशा गौतम व सरोज शर्मा ने यह अविश्वास प्रस्ताव परिषद उपाध्यक्ष के खिलाफ लाया है। नगर परिषद में पूर्व अध्यक्ष महेश गौतम व मनोज वर्मा जबकि पूर्व नप उपाध्यक्ष सरोज शर्मा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा चुका है। यहां पर अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद में परिवर्तन हुआ है। इस बार नप उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है।
नालागढ़ परिषद के तहत 9 वार्ड आते हैं जिसमें से पांच पार्षदों ने उपाध्यक्ष के खिलाफ प्रस्ताव लाया है। वार्ड-8 से पार्षद व अध्यक्ष नीरू शर्मा, वार्ड-1 से पार्षद महेश गौतम, वार्ड-2 से पार्षद धर्मेंद्र राणा, वार्ड-4 से आशा गौतम व वार्ड-7 से पार्षद सरोज शर्मा शामिल हैं। इन पांचों पार्षदों में से दो ऐसे पार्षद हैं जिनके खिलाफ अध्यक्ष-उपाध्यक्ष रहते हुए अविश्वास प्रस्ताव लाए जा चुके हैं। कार्यवाहक डीसी एवं एडीएम सोलन विवेक चंदेल ने कहा कि नालागढ़ परिषद के पार्षद उनके पास उपाध्यक्ष को लेकर अविश्वास प्रस्ताव लाए हैं जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।