अमर उजाला ब्यूरो
धर्मपुर (सोलन)। प्रदेश कैंटोनमेंट सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार सिंगला की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ के हिमाचल भवन में केंद्रीय राज्य वित्त एवं कॉरपोरेट मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की। सदस्यों ने छावनी की समस्याओं का एक मांग पत्र उन्हे सौंपा। इसमें देश के 20 राज्यों के 62 छावनी परिषदों में रहने वाले करीब 35 लाख लोगों पर अभी भी अंग्रेजी कानून का शासन चल रहा है।
उन्होंने बताया कि पूर्व केंद्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमन ने ऑल इंडिया कैंट सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन की मांग पर सेवानिवृत्त आईएएस अमित बोस के नेतृत्व में एक्सपर्ट कमेटी का गठन किया था। इसमें एक्सपर्ट कमेटी ने कैंटों में आ रही समस्याओं की रिपोर्ट रक्षा मंत्रालय को सौंप दी गई है, ऑल इंडिया कैंट एसोसिएशन को इसकी कॉपी उपलब्ध करवाई जाए ताकि एसोसिएशन को रिपोर्ट के बारे में पता चल सके।
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की प्राथमिक मांग है कि देश में सभी छावनियों को निरस्त किया जाए या कैंट क्षेत्र में सिविल क्षेत्र को नजदीक की नगर निकाय और पंचायतों में मिलाया जाए। वहीं केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री ने एसोसिएशन को 17 जून के बाद दिल्ली में रक्षा मंत्री से मिलने आने का न्योता दिया। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में मनीष शर्मा, मनमोहन शर्मा, पीयूष सिंगला मौजूद रहे।