अमर उजाला ब्यूरो
धर्मपुर(सोलन)। कालका-शिमला हाईवे पर फोरलेन निर्माण के कारण हाईवे पर कसौली, लॉरेंस स्कूल सनावर, धर्मपुर बाजार, दोसड़का कुमारहट्टी में साइन इंडीकेशन बोर्डों को उखाड़ दिया गया है। इस कारण बाहरी राज्यों से आ रहे पर्यटकों को शिमला, देहरादून, हरिद्वार और डगशाई की ओर जाने के लिए स्थानीय ट्रैफिक पुलिस या आम लोगों से पूछना पड़ रहा है। हालांकि, इससे पहले उक्त स्थानों पर साइन इंडीकेशन बोर्ड लगाए गए थे लेकिन सभी बोर्डों को फोरलेन निर्माण के कारण निकाल दिया गया है।
इस कारण बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर भारत के कई राज्यों से आने वाले पर्यटक अपने मोबाइल पर गूगल नैविगेशन से अपने गंतव्य तक पहुंच रहे हैं लेकिन यह कई बार गलत दिशा बता रहा है। बाहरी राज्य से आए पर्यटकों को कसौली जाने के लिए कसौली चौक न दिखाकर धर्मपुर के सुबाथू चौक को कसौली चौक दिखा रहा है।
कुमारहट्टी चौक बाजार से पांच संपर्क मार्ग जुड़े हैं। इसमें शिमला वाया बड़ोग, शिमला जाने वाला कुमारहट्टी बाईपास, नाहन-देहरादून-हरिद्वार, डगशाई सैन्य पर्यटक क्षेत्र और पांचवां मार्ग धर्मपुर-कालका चंडीगढ़ शामिल है। साइन इंडीकेशन बोर्ड न होने से पर्यटकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
नेशनल हाईवे पर कालका से शिमला तक कुमारहट्टी चौक बाजार ही एक ऐसा स्टेशन है जहां एक साथ पांच संपर्क मार्ग है। फोरलेन निर्माण कंपनी के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर उमेश कुमार ने बताया कि हाईवे पूरा होने के बाद साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।