सोलन। सोलन में जन प्रशासन समिति की बैठक का आयोजन जन प्रशासन समिति के अध्यक्ष राकेश पठानिया की अध्यक्षता में किया गया। उन्होंने सभी अधिकारियों से आग्रह किया कि वे जनहित के लिए सरकार से मिले धन का पारदर्शी और पूर्ण उपयोग करें। साथ ही, लापरवाही करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करें। कहा कि केंद्र तथा प्रदेश सरकार आम जन को लाभान्वित करने और उनके सामाजिक-आर्थिक सशक्तीकरण के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं कार्यान्वित कर रही है।
समिति के अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधि स्थापित नियमों के अनुसार दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने में देरी न करें। उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने समिति का स्वागत किया और विश्वास दिलाया कि समिति के दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन किया जाएगा। कार्यकारी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। बैठक में समिति के सदस्य विधायक डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल, इंद्र दत्त लखनपाल, जियालाल, पवन नैयर तथा परमजीत सिंह सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
सैनिक विश्राम गृह की औपचारिकताओं में लाएं तेजी
भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा के ध्वजवाहक सैनिकों का कल्याण केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सैनिक कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि जिले में निवास कर रहे पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को समय पर विभिन्न लाभ दिए जाएं। उपनिदेशक सैनिक कल्याण को निर्देश दिए कि सोलन सैनिक विश्राम गृह के नए भवन के निर्माण कार्य की औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र शुरू किया जाए। इस भवन के निर्माण कार्य के लिए 3.25 करोड़ रुपये मंजूर हैं। उन्होंने सैनिक कल्याण विभाग को विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
चिकित्सा परामर्शदाताओं की संख्या को बढ़ाया जाए
प्रदेश में विभिन्न प्रकार के नशों से युवाओं को बचाने के लिए शीघ्र ही वृहद स्तर पर एक जागरूकता अभियान कार्यान्वित किया जाएगा। नशाखोरी की समस्या को युद्धस्तर पर हल करना होगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में प्रदेश सरकार व्यापक पग उठा रही है। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिए कि जिले में चिकित्सा परामर्शदाताओं की संख्या बढ़ाने के संबंध में प्रस्ताव समिति के समक्ष प्रस्तुत करें।
स्कूल बसों का किया जाए निरीक्षण
राकेश पठानिया ने पुलिस अधीक्षक सोलन तथा क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि विभिन्न विद्यालयों की स्कूल बसों का नियमित निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित बनाएं कि इनमें प्रदेश सरकार द्वारा नूरपुर दुर्घटना के बाद जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में अवैध एवं अवैज्ञानिक तरीके से किए जा रहे खनन के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण कर वसूला 20 लाख जुर्माना
सोलन में 1,32,719 राशन कार्डों में से 1,31,732 का डिजिटीकरण किया जा चुका है। गत तीन वर्षों में जिले में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने 8,750 निरीक्षण कर लगभग 20 लाख जुर्माने के रूप में वसूल किए हैं। जिले की 302 उचित मूल्य की दुकानों में ई-पीओएस स्थापित कर दी हैं।