दाड़लाघाट (सोलन)। अंबुजा सीमेंट खादान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के न होने से खदान में वीरवार को हुई ब्लास्टिंग से मांगूघाट में सड़क पर एक बड़ी चट्टान गिर गई। इस दौरान भारी कंपन से एक महिला को हृदय आघात भी हो गया। इसके बाद महिला का उपचार अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि इस चट्टान का एक हिस्सा टूट कर सड़क के साथ राकेश कुमार के मकान की दीवार को तोड़ कर खेतों में जा पहुंचा।
गनीमत यह रही कि जिस समय यह चट्टान सड़क पर गिरी, उस समय यह सड़क खाली थी। इसके चलते कोई बड़ी घटना होने से बाल-बाल बच गई। चट्टान का दूसरा हिस्सा एक अन्य रिहायशी मकान से कुछ कदमों की दूरी पर डंगे की वजह से रुक गया। स्थानीय लोगों में भगत राम, संजीव, राजू, पवन, राकेश ने बताया कि कंपनी रोज आसपास नवनिर्मित खदान में भारी मशीनों और हाई विलोसिटी धमाके कर खनन करती है।
इस वजह से चट्टानें खिसक कर रिहायशी इलाके की तरफ गिरती हैं। पहले भी कई बार भारी चट्टानें खिसक कर घरों तक पहुंच चुकी हैं। कंपनी ने सुरक्षा के प्रबंध नहीं किए हैं। इस वजह से ग्रामीणों के जान-माल को खतरा बना हुआ है। वहीं, एसडीएम अर्की छवि नांटा ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नही है। उन्होंने कहा कि अधिकतर परिवारों को जमीन का उचित मुआवजा देकर दूसरी जगह शिफ्ट किया है। एक दो परिवारों को शिफ्ट नहीं किया जा सका है। इनकी सुरक्षा के लिए निर्देश दिए जाएंगे।
प्रशासन को करवाया है अवगत
इस समस्या को लेकर लोगों ने प्रशासन को भी अवगत करवाया है। इसके बाद कुछ दिन काम बंद रहा लेकिन अब फिर कार्य शुरू है। लोगों का कहना है कि कंपनी प्रबंधन उनकी बात को अनसुना कर रहा है। लोगों ने प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से खदान में खनन के लिए लो विलोसिटी धमाके और हल्की मशीनों का उपयोग करने की मांग की है।