सोलन।
वाहनों की भीड़ से सिकुड़ती सड़क का असर अब मालरोड पर दिखने लगा है। रविवार को पुलिस का पहरा हल्का होने से पूरा दिन मालरोड पार्किंग में तबदील रहा। यहां चालकों ने मनमर्जी से वाहन खड़े किए। जबकि प्रशासन व पुलिस की ओर से माल रोड़ में किसी भी तरह के वाहन के खड़े होने पर सख्त मनाही है।
कोई वाहन मालरोड पर लगातार खड़ा न रहे इसके लिए पुलिस कर्मचारियों को भी तैनात किया है लेकिन रविवार को यह निर्देश बेअसर नजर आए। मालरोड पर गाड़ी खड़ी करने वालों में से ज्यादातर ने बताया कि वे सोलन घूमने आए हैं। यहां पार्किंग की किल्लत से उन्हें मालरोड पर गाड़ी खड़ी करनी पड़ी है। रविवार को देखादेखी में ही वाहनों की लंबी कतार मालरोड पर लग र्गइं। इसकी वजह से पैदल चलने वालों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा है। मालरोड के दोनों तरफ दो पाहिया वाहनों की पर्किंग से भी सड़क पर चलने वालों व गाड़ियों से चलने वाले सभी को परेशानी झेलनी पड़ती है।
सेना से चल रही है बात : नेगी
नप अध्यक्ष बीआर नेगी का कहना है कि सोलन शहर में पार्किंग को लेकर सेना के अधिकारियों से बातचीत चल रही है। अभी तक समस्या का समाधान नहीं निकल पाया है। जैसे ही समाधान निकलेगा पुराने बस स्टैंड में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण करवाया जाएगा। इससे शहर में आसपास या सड़क पर खड़ी होने वाली गाड़ियों को स्थायी ठिकाना मिल सकेगा।