शालाघाट में डॉ. आंबेडकर जयंती के कार्यक्रम में बोले पीडब्ल्यूडी मंत्री
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की। पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को शालाघाट में हरिजन कल्याण समिति की ओर से आयोजित आंबेडकर जयंती कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का भरोसा दिलाते हुए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कों के नेटवर्क को विस्तार देते हुए जल्द ही 1500 नई सड़कों का निर्माण शुरू किया जाएगा।मंत्री ने स्थानीय जनता की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की हालत सुधारना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए विभाग के उच्चाधिकारियों को पहले ही उचित दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सड़कों के रखरखाव और निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। अपने संबोधन में विक्रमादित्य सिंह भावुक नजर आए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि मेरे पिता का अर्की से गहरा नाता था। उन्होंने यहां से चुनाव लड़ा और आपने उन्हें भरपूर प्यार दिया। पंचायती राज चुनावों को लेकर उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे पढ़े-लिखे और समाजसेवा का जज्बा रखने वाले उम्मीदवारों को आगे लाएं। उन्होंने कहा कि पंचायतों का सशक्तिकरण तभी संभव है जब नेतृत्व सही हाथों में हो। इससे पूर्व उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने बाबा साहेब को एक युग पुरुष बताते हुए कहा कि उनके संघर्ष और ज्ञान की बदौलत ही देश के करोड़ों वंचितों और शोषितों को उनके संवैधानिक अधिकार मिले। लोक निर्माण मंत्री सरकाघाट में कॉलेज छात्रा की हत्या के बाद शोक संतप्त परिवार से मिलने जा रहे थे, इसी दौरान वे शालाघाट में रुके और कार्यक्रम में शामिल हुए।