नालागढ़ निर्वाचन के लिए प्रथम चरण का पूर्वाभ्यास करते हुए पीठा सीन व पालिंग अधिकारी- स्रोत- विभा
नगर परिषद नालागढ़ में निर्वाचन के लिए प्रथम चरण में रिहर्सल का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। नगर परिषद नालागढ़ निर्वाचन के दृष्टिगत नालागढ़ में सोमवार को मतदान प्रक्रिया में संलग्न पीठासीन अधिकारियों एवं पोलिंग अधिकारियों के लिए प्रथम चरण का पूर्वाभ्यास आयोजित करवाया गया। पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में कुल 15 पीठासीन अधिकारियों तथा 45 पोलिंग अधिकारियों ने भाग लिया। यह रिहर्सल निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी नालागढ़ नरेंद्र आहलूवालिया की अध्यक्षता में की गई।उन्होंने कहा कि पूर्वाभ्यास का उद्देश्य मतदान दलों को चुनाव प्रक्रिया की सूक्ष्म बारीकियों से अवगत कराना है, ताकि संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित संपन्न किया जा सके। निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक अधिकारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करना होगा। पूर्वाभ्यास के माध्यम से प्राप्त व्यावहारिक अनुभव मतदान दिवस पर किसी भी प्रकार की त्रुटि एवं भ्रम की स्थिति को न्यून करने में सहायक होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए नगर परिषद नालागढ़ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करें। इस अवसर पर मतदान से पूर्व की तैयारियां, पोलिंग पार्टी की जिम्मेदारियां, मतदान केंद्र की स्थापना, मॉक पोल की प्रक्रिया, पेपर सील का सही उपयोग, मतदाता पहचान एवं सत्यापन प्रक्रिया, गोपनीयता सुनिश्चित करने के उपाय तथा मतदान के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रतिभागियों को संभावित परिस्थितियों एवं चुनौतियों से निपटने के उपायों से अवगत कराया गया तथा उनकी शंकाओं का समाधान किया गया।