धारों की धार में जिया लाल के गानों पर झूमे पर्यटक
हिमाचली संध्या से समारोह का आगाज, बघाट में विवाह उत्सव की प्रस्तुति ने लुभाए पर्यटन सलाहकार
तीन दिन तक चलेगा उत्सव, पंजाबी और सूफी संध्या का भी होगा आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। अमर उजाला प्रायोजित पर्यटक मिलन समारोह के पहले दिन धारों की धार के हैवन रिजॉर्ट में पहाड़ी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया। इस मौके पर गायक जिया लाल ने पहाड़ी गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान बघाट रियासत में होने वाले विवाह उत्सव का चित्रण भी किया गया। इसमें कलाकारों ने रंग-बिरंगे परिधानों में नृत्य प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। हिमाचल की संस्कृति से रूबरू हो रहे पर्यटकों ने गीत-संगीत के प्रति खासी दिलचस्पी दिखाई। वे आयोजन के बारे में जानकारी हासिल करते रहे। कार्यक्रम में जिला पर्यटन अधिकारी विवेक चौहान ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने बताया कि इस आयोजन से देश भर में सोलन की खूबसूरती पहुंचेगी। इसके बाद पर्यटकों की आमद सोलन में बढ़गी। उन्होंने कहा कि धारों की धार समेत ऐसे कई पर्यटक स्थल सोलन में हैं जो स्थानीय लोगों को देखने चाहिए। इस मौके पर हैवन रिजॉर्ट के मालिक जगमोहन ठाकुर ने बताया कि वे नेवी से सेवानिवृत्त हैं। नौकरी के दौरान उन्होंने कई देशों का भ्रमण किया और वहां से उन्हें धारों की धार में रिजॉर्ट बनाने का विचार आया जिसे उन्हें बाद में यहां अपनाया। उन्होंने कहा कि रिजॉर्ट में देश भर से पर्यटक व छात्र साहसिक गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। होटल एसोसिएशन के सचिव रमिंद्र बावा ने बताया कि तीन दिन चलने वाले इस उत्सव के पहले दिन पहाड़ी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया है। आगामी दो दिनों में पंजाबी व सूफी संध्या का आयोजन होगा।
नौणी विवि और जटोली मंदिर का किया दौरा
पर्यटक मिलन समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे देश भर के सलाहकारों ने शनिवार को नौणी विवि का दौरा किया। उन्होंने नौणी विवि में चल रहे शोध कार्यों की जानकारी हासिल की। इसके बाद सभी पर्यटक जटोली मंदिर देखने पहुंचे। शाम को पर्यटकों को मालरोड की सैर करवाई गई। पर्यटक सलाहकार उत्सव में मालरोड पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर परिषद और मालरोड व्यापार एसोसिएशन ने भरपूर सहयोग दिया।