सोलन अस्पताल में सरकारी कैलेंडर लगाने पर चुनाव आयोग का नोटिस
अमर उजाला इंपेक्ट
अमर उजाला के समाचार का असर, क्षेत्रीय अस्पताल के वार्ड में लगे थे सरकारी कैलेंडर
अस्पताल से सभी तरह की प्रचार सामग्री हटाने के आदेश जारी : एमएस
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद लगे सरकारी कैलेंडरों को लेकर अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी हो गया है। चुनाव आयोग ने नोटिस जारी कर अस्पताल प्रबंधन से कैलेंडर न हटाने कारण पूछा है। नोटिस जारी होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सभी कैलेंडर हटा लिए हैं। इस समाचार को अमर उजाला ने वीरवार के अंक में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया। इसमें अस्पताल में आचार संहिता लागू होने के बावजूद कैलेंडर लगी फोटो भी प्रकाशित की गई है। समाचार प्रकाशित होने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त विनोद कुमार ने आदर्श आचार संहिता लागू होने के चौबीस घंटे बाद ही 80 प्रतिशत पोस्टर सार्वजनिक जगहों से हटाने का दावा किया था। इस सिलसिले में अमर उजाला ने सभी सरकारी विभागों व संपत्ति का मुआयना किया। इस दौरान परिवहन निगम की बसों में पोस्टर व अस्पताल के वार्ड में सरकारी कैलेंडर पाए गए। इनके संबंध में समाचार प्रकाशित किए गए और उन पर अब कार्रवाई की जा रही है।
उधर, क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महेश गुप्ता ने बताया कि सभी कैलेंडर क्षेत्रीय अस्पताल में दीवार पर लगे सरकारी कैलेंडर को हटा लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कैलेंडर लगाने के संबंध में चुनाव आयोग से नोटिस मिला है। उन्होंने बताया कि सभी कर्मचारियों और स्टाफ को निर्देश दिए हैं कि किसी भी तरह की प्रचार सामग्री या कैलेंडर उनके कार्यालय में न हों। उन्होंने कहा कि यदि वार्ड में कैलेंडर पाए जाते हैं तो कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।