कंडाघाट (सोलन)। शिमला में पीलिया से हुई एक मौत के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। हालांकि जिला में अभी पीलिया का कोई मामला सामने नहीं आया है लेकिन इसके बावजूद प्रशासन किसी तरह का कोई रिस्क नहीं उठाना चाहता। प्रशासन ने लोगों को अपनी निजी पानी की टंकियां साफ करने को कहा है। इसके साथ स्कूल प्रबंधनों को भी टंकियां साफ करने के निर्देश दिए। कंडाघाट में आयोजित खंड स्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक में भी स्कूल प्रबंधनों और स्थानीय लोगों को पानी की टंकियां साफ करने के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि बारिश न होने के कारण सर्दी के मौसम में पीलिया फैलने का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में पानी की टैंकों की समय पर सफाई होना जरूरी है। आईपीएच ने अपने अधिकतर पानी के भंडारण टैंकों की सफाई कर ली है। लेकिन अगर लोग अपने घरों के टंकियों की सफाई नहीं करेंगे तो फिर इस सफाई का कोई फायदा नहीं होगा। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम संजीव धीमान ने की। उन्होंने लोगों को हिदायत दी वह जल्द अपनी टंकियों की सफाई करें।
उन्होंने बताया कि स्कूल प्रबंधनों और लोगों को अपने घरों की पानी की टंकियां साफ करनी होगी। यही नहीं सफाई करने के बाद पानी की टंकी पर साफ करने की तिथि भी लिखनी होगी। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी एवं विभिन्न पंचायतों के सचिव मौजूद रहे। पंचायतों से संबंधित कई मुद्दों पर भी बैठक में चरचा की गई। इनमें मुख्य रूप से मनरेगा कार्यों को लेकर आ रही समस्या, टीसीपी, पीलिया को लेकर पानी के जल भंडारण टैंकों की सफाई बारे चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश सरकार के 100 दिन के कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई। एसडीएम कंडाघाट ने पंचायतों की समस्याओं को सुना तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि टीसीपी के संदर्भ में कलस्टर हेड पर बैठक आयोजित की जाएगी।