सोलन। एमआरएडीएवी पब्लिक स्कूल सोलन में विद्यालय की खुशहाली, पर्यावरण संरक्षण तथा विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षाओं के लिए शुभ आशीर्वाद प्रदान करते हुए 101 कुंडीय वैदिक हवन का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता स्कूल प्रधानाचार्या अनुपमा शर्मा ने की। वैदिक यज्ञ में सभी विद्यार्थियों सहित अध्यापक वर्ग और गैर अध्यापक वर्ग के सभी सदस्यों ने उत्साह पूर्वक भाग लेते हुए वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां डालीं। इस दौरान पूरे स्कूल का माहौल भक्तिमय हो गया। इस 101 कुंडीय वैदिक हवन को विद्यालय के आर्य युवा समाज के बच्चों ने संपन्न किया। हवन के प्रारंभ में प्रधानाचार्या ने आने वाली वार्षिक परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि यज्ञ-हवन से दिव्य गुणों को अपनाने की प्रेरणा मिलती है।