नालागढ़ (सोलन)। शहर में अब बिना टोकन वाली रेहड़ियों पर लोग कारोबार नहीं कर सकेंगे। यही नहीं टोकन वाली रेहड़ियां भी एक ही जगह पर खड़े होकर कारोबार नहीं कर सकती। शहर में अतिक्रमणकारियों के कारण संकरी हो गई सड़कों को लेकर परिषद ने अब कड़ी कार्रवाई करने की ठान ली है। इसी कड़ी में मंगलवार को परिषद की एक टीम ने निरीक्षण कर बिना टोकन वाली रेहड़ियों को शहर से हटा दिया। साथ ही टोकन वाली रेहड़ियों को एक स्थान पर न खड़ा होने के बजाय चलते फिरते रहने की हिदायत दी। परिषद ने साथ ही यह चेतावनी जारी की है कि यदि इन आदेशों की अवहेलना हुई तो परिषद और कड़े कदम उठाने को बाध्य हो जाएगी। इसके साथ परिषद सामान सहित रेहड़ियों को जब्त कर लेगी। परिषद की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। शहर के समाजसेवी लोगों ने परिषद की इस पहल का स्वागत किया है। परिषद ने इस कार्रवाई के बाद बाजार खुले डुले नजर आते हैं और शहर की खुली सड़कों पर आम लोगों को गुजरने में सहूलियत मिलती है लेकिन यह सुविधा थोड़े ही समय के लिए नजर आती है। परिषद ने रेहड़ी फड़ी के करीब 52 टोकन जारी कर रखे है।
बर्दाश्त नहीं होगा अतिक्रमण : वर्मा
नप अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कहा कि शहर में अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परिषद द्वारा लाई गई कार्रवाई के बाद भी अतिक्रमणकारी फिर से सड़कों पर आए तो इस बार और कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।