सोलन। टीबी सेनेटोरियम धर्मपुर की रोगी कल्याण समिति की बैठक में एक्स-रे फिल्म और ईसीजी रोल की खरीद के लिए एक लाख 10 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसी राकेश कंवर ने की। उपायुक्त ने कहा कि टीबी सेनेटोरियम धर्मपुर तपेदिक रोग के ईलाज में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। तपेदिक रोग से बचाव में शिक्षा एवं जागरूकता विशेष भूमिका निभा सकती है। चिकित्सकों से आग्रह किया कि वे तपेदिक रोग के संबंध में लोगों को जागरूक करें। लोगों को यह जानकारी देना आवश्यक है कि सही समय पर तपेदिक रोग का पूरा इलाज संभव है। प्रदेश सरकार ने क्षयरोग के समूल नाश के लिए मुख्यमंत्री क्षयरोग निवारण योजना आरंभ की है। योजना के तहत क्षय रोगियों का पता लगाकर उन्हें श्रेष्ठ उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है। बैठक में टीबी सेनेटोरियम धर्मपुर की स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. अनीता महाजन, सदस्य सचिव शासी निकाय रोगी कल्याण समिति धर्मपुर डॉ. आरके सूद, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी अर्जुन नेगी, जिला पंचायत अधिकारी विजय बरागटा और जिला कल्याण अधिकारी बीएस ठाकुर मौजूद रहे।