सोलन। जिले के शिक्षा खंड कंडाघाट में 14 स्कूलों को डिजिटलाइज किया जा रहा है। नेशनल रूरल अर्बन मिशन के तहत डीआरडीए सोलन 70.38 लाख रुपये डाइट के माध्यम से खर्च करेगा। यह राशि सिर्फ चयनित विद्यालयों में डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने पर खर्च होगी।
इसमें डिजिटल स्मार्ट कक्षा कक्ष, मल्टी टेक्नोलॉजी इंटरैक्टिव टीचिंग बोर्ड में सभी विषयों का पाठ्यक्रम और पुस्तकें ऑनलाइन रहेंगी। कंप्यूटर्स एंड प्रिंटर्स, मल्टी मीडिया सामग्री और स्कूल परिसरों की तार-बाड़ का कार्य किया जाएगा। डाइट सोलन के मीडिया को-ऑर्डिनेटर डॉ. राम गोपाल शर्मा ने बताया कि ये सभी कार्य स्कूल प्रबंधन समितियां करेंगी। इसके लिए स्कूलों के एसएमसी प्रधान और स्कूल प्रमुखों की बैठक डाइट सोलन में की गई जिसमें प्रिंसिपल डाइट सोलन चंद्र मोहन शर्मा ने जानकारी दी।
ये स्कूल होंगे शामिल
योजना में कंडाघाट शिक्षण खंड की हिन्नर पंचायत के 14 स्कूल शामिल रहेंगे। इसमें प्राथमिक पाठशाला डाहर, केंद्र प्राथमिक पाठशाला हिन्नर, प्राथमिक पाठशाला कड़ोग, प्राथमिक पाठशाला जेठना, प्राथमिक पाठशाला कुरगल, माध्यमिक पाठशाला कनोड़ी, माध्यमिक पाठशाला बखोर, सीनियर सेकेंडरी स्कूल ढोल का जुब्बड़, सीनियर सेकेंडरी स्कूल घेंटी, उच्च पाठशाला जेठना, उच्च पाठशाला दंघील, उच्च पाठशाला सकोड़ी, उच्च पाठशाला कड़ोग, उच्च पाठशाला टिकरी रहेंगे।
डिजिटल माध्यमों से शिक्षा देना लक्ष्य : चंद्र मोहन शर्मा
डाइट सोलन के प्रिंसिपल चंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम का मूल लक्ष्य विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों से शिक्षा देना है। यह राशि डीआरडीए सोलन के माध्यम से डाइट को मिली है। डिजिटल साक्षरता पर कंडाघाट शिक्षण खंड की हिन्नर पंचायत में यह राशि खर्च होगी।