नालागढ़ (सोलन)। विद्युत बोर्ड नालागढ़ ने 45,67,114 रुपये के बिजली बिल वसूलने के लिए नोटिस जारी कर दिए हैं। इसके बावजूद उपभोक्ताओं ने अगर बिल जमा नहीं किए तो उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
विद्युत बोर्ड नालागढ़ के तहत ऐसे 1654 उपभोक्ताओं की सूची तैयार की गई है, जिन्होंने बिजली बिलों के पैसों पर कुंडली मारी है। अब उन्हें नोटिस थमाए जा रहे हैं, वहीं पैसों की अदायगी न करने पर उनके कनेक्शन काटने के भी फरमान जारी किए गए हैं। विद्युत उपमंडल नालागढ़ के तहत यह उपभोक्ता नालागढ़ शहर सहित राजपुरा व मंझौली के हैं, जिनसे विभाग ने करीब 45.67 लाख रुपये की राशि वसूलनी है। इन उपभोक्ताओं से विद्युत विभाग ने 1000 से 50,000 रुपये के बिलों की अदायगी लेनी है, इसलिए अब विभाग पहले नोटिस और फिर इनके कनेक्शन काटेगा, जिससे इन उपभोक्ताओं को जहां अंधेरे में रहने को बाध्य होना पड़ेगा, वहीं अब इन्हें रि-कनेक्शन फीस भी अदा करनी पड़ेगी और तब जाकर बिजली कनेक्शन दोबारा लगेगा।
विद्युत विभाग नालागढ़ के अंतर्गत सब डिवीजन नालागढ़-1 और 2 आते हैं, जिसके तहत 42 हजार विद्युत उपभोक्ता हैं, जिनमें 37 हजार घरेलू और 5 हजार कमर्शियल हैं। इसके अलावा कृषि व उद्योग विभाग के तहत 2000 बिजली के कनेक्शन हैं। कमर्शियल उपभोक्ताओं में दुकानदार व अन्य कारोबारी शामिल हैं। नालागढ़ शहर सहित राजपुरा व मंझौली में करीब 10 हजार घरेलू उपभोक्ता हैं, जिनमें से 1654 उपभोक्ताओं की सूची जारी की गई है।
एसडीओ विद्युत बोर्ड नालागढ़ बाबूराज ठाकुर ने कहा कि नोटिस के बावजूद बिल जमा न होने की सूरत में कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इसलिए उपभोक्ता अपने बिल जमा करवाएं और रि-कनेक्शन की अतिरिक्त फीस से बचें।