संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। मलपुर के बाद अब बद्दी क्षेत्र में डेंगू के मामले बढ़ने लगे हैं। बद्दी अस्पताल में शनिवार को 96 बुखार के रोगियों के सैंपल लिए गए। इनमें 13 लोगों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इन सभी रोगियों को डॉक्टरों ने दवाएं दी हैं। साथ ही, क्षेत्र में सैंपलिंग बढ़ाने के भी आदेश जारी कर दिए हैं।
बद्दी अस्पताल में प्रतिदिन चार दर्जन से अधिक रोगी बुखार के आ रहे थे। दो दिन पहले मलपुर पंचायत के निचला मलपुर गांव में बुखार फैल गया था। वहां पर चार लोगों में डेंगू पाया गया। इसे देखते हुए बद्दी अस्पताल में बुखार के एलिजा टेस्ट करवाए गए। इसमें 13 रोगियों में डेंगू पाया गया।
अचानक डेंगू के एक साथ रोगी आने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बद्दी अस्पताल में एसएमओ डॉ. अनिल अरोड़ा ने बताया कि सभी रोगी की हालत में पहले से सुधार है। यह एक विशेष प्रकार के मच्छर के काटने से फैलता है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपने घर के पास साफ-सफाई रखें। पानी जमा न होने दें। घर में कूलर का पानी समय रहते बदलते रहें। साफ-सफाई का ध्यान रखें। लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उपचार के बाद रोगी ठीक हो रहे हैं। लोगों ने स्थानीय प्रशासन से क्षेत्र में फॉगिंग कराने की मांग की है।
उधर, बीएमओ डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने बद्दी में 13 रोगियों में डेंगू होने की पुष्टि की है।