बीते वर्ष के मुकाबले इस वर्ष 16.84 करोड़ की हुई वृद्धि
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। आबकारी राजस्व जिला बीबीएन में शराब की 125 दुकानों का आवंटन वीरवार को नीलामी से झाड़माजरी स्थित बीबीएनआईए के सभागार में जिलाधीश मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। विभाग ने 143.37 करोड़ का आबकारी राजस्व अर्जित किया। पिछले वर्ष यही राजस्व 126.53 करोड़ था। इस वर्ष 16.84 करोड अधिक अर्जित किया व आबकारी राजस्व में 13.43 प्रतिशत बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सर्वप्रथम नालागढ़ यूनिट की 53 दुकानों की सरकारी कीमत 37.47 करोड़ रुपये पर बोली व निविदा आमंत्रित की गई। खेमचंद ने नालागढ़ यूनिट को उच्चतम निविदा 43.75 करोड पर अपने नाम किया। इस यूनिट से सरकार को 6.28 करोड़ अधिक राजस्व 16.75 प्रतिशत की दर से प्राप्त हुआ। बरोटीवाला यूनिट में शराब की 14 दुकानों की सरकारी कीमत 15.43 करोड़ रुपये रखी गई। यह यूनिट लेखराम ने 18.15 करोड़ की उच्चतम निविदा देकर अपने नाम की। इस यूनिट से सरकार को 2.71 करोड़ अधिक राजस्व 17.56 प्रतिशत की दर से प्राप्त हुआ।
साईं रोड यूनिट में शराब की 20 दुकानें हैं। इस यूनिट की सरकारी कीमत 26.35 करोड़ रुपये रखी गई। यह यूनिट भूपिंद्र कौर ने 30.31 करोड़ की उच्चतम निविदा देकर अपने नाम की। इस यूनिट से सरकार को 3.93 करोड़ अधिक राजस्व 15 प्रतिशत की दर से प्राप्त हुआ। स्वराज माजरा यूनिट में शराब की 16 दुकानें रखी गईं। इस यूनिट की सरकारी कीमत 20.13 करोड़ रुपये रखी। यह यूनिट हंसराज मेहता ने 23.16 करोड़ की उच्चतम निविदा देकर अपने नाम की। इस यूनिट से सरकार को 3.3 करोड़ अधिक राजस्व 15.05 प्रतिशत की दर से प्राप्त हुआ।
किशनपुरा यूनिट में शराब की 22 दुकानों की कीमत 27.13 करोड़ रुपये रखी गई। यह यूनिट गुरमेल सिंह ने 28 करोड़ की उच्चतम बोली देकर अपने नाम की। इस यूनिट से सरकार को 87 लाख अधिक राजस्व 3.20 प्रतिशत की दर से प्राप्त हुआ। उप आयुक्त राज्यकर व आबकारी विभाग जिला बीबीएन एसडी शर्मा ने बताया कि टीम भावना व हितधारकों के बीच स्पधाZ करवाकर यह कामयाबी हासिल हुई।