सोलन, नालागढ़ में खुलेंगी उचित मूल्य की तीन दुकानें
विभाग ने दुकानों के लिए 15 अक्टूबर तक मांगे आवेदन
सोलन के कलीन, नालागढ़ में बैरछा, सौड़ी पंचायत में खुलेंगे डिपो
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। विकास खंड सोलन और नालागढ़ में उचित मूल्य के राशन की दुकान खोलने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सोलन में आवेदन नगर परिषद के अंतर्गत कलीन के लिए आमंत्रित हैं। यह जानकारी जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले सोलन नीलम शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि इन दुकानों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है। आवेदन शाम पांच बजे तक प्राप्त हो जाने चाहिए। उन्होंने बताया कि नालागढ़ की ग्राम पंचायत बैरछा और ग्राम पंचायत सौड़ी के अबरनी में उचित मूल्य की दुकान खोलने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। नीलम शर्मा ने कहा कि इन दुकानों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर रखी है। आवेदन सांय 5.00 बजे तक मिल जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की दुकान खोलने के लिए प्रथम प्राथमिकता एकल नारी, विधवा जो बच्चों का स्वयं पालन पोषण कर रही हो, महिला मंडल, महिला सहकारी समूह या अन्य समूह और दिव्यांग जो उचित मूल्य की दुकान का कार्य करने मे सक्षम हों, को दी जाएगी। दूसरी प्राथमिकता भूतपूर्व सैनिक, शिक्षित बेरोजगार व्यक्ति जिनके परिवार से कोई व्यक्ति सरकारी नौकरी में न हो तथा तीसरी प्राथमिकता ग्राम पंचायत व चौथी प्राथमिकता सहकारी सभाओं को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की दुकान के संचालन के लिए इच्छुक व्यक्ति मान्यता प्राप्त बोर्ड अथवा विश्वविद्यालय से कम से कम दसवीं उत्तीर्ण होना चाहिए। आवेदन के लिए प्रपत्र निरीक्षक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नालागढ़ के कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन के साथ शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, अपनी दुकान या किराए की दुकान संबंधी प्रमाण पत्र, अपंग, भूतपूर्व सैनिक प्रमाण पत्र, उचित मूल्य की दुकानधारक की मृत्यु के बाद उसके वारिस संबंधी आवश्यक प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने होंगे। अधिक जानकारी जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक सोलन अथवा निरीक्षक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नालागढ़ के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।