हड़ताल खत्म होते ही वापस लौटी निजी बसें
निजी बसों के चलने से घटी भीड़भाड़, 300 रूट दोबारा शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। दो दिन से जारी हड़ताल खत्म होते ही बुधवार को निजी बसें निर्धारित रूट पर दौड़ती नजर आईं। बसों की हड़ताल खत्म होने के बाद आम लोगों ने राहत की सांस ली है। अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर गए निजी बस ऑपरेटरों के कारण जिला भर में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। जिला भर में करीब 300 से अधिक निजी बसें रूटों पर नहीं दौड़ी थी। इसके चलते एचआरटीसी ने जिला में अपनी कमान संभाली व कुछ रूटों पर अतिरिक्त बसों को चलाया गया। बुधवार को जिला के सभी रूटों में निजी बसों में लोगों की भीड़ देखने को मिली। शिमला में मंगलवार को सरकार से निजी बस आपरेटरों की बातचीत के बाद हड़ताल को खत्म किया गया है। बताया जा रहा है कि दो दिनों की हड़ताल के चलते निजी बस ऑपरेटरों को करोड़ो रुपये का नुकसान झेलना पड़ा। किराया बढ़ोतरी के लिए निजी बस ऑपरेटरों ने हड़ताल की थी। इस हड़ताल के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। जिला में बुधवार को बसों के चलने पर लोगों ने राहत मिली है। बसों की हड़ताल खत्म होने पर सबसे ज्यादा खुशी स्कूली छात्रों व कर्मचारियों को हुई है। शूलिनी निजी बस ऑपरेटर यूनियन के प्रधान रघुविंद्र मेहता ने बताया कि बुधवार को सभी रूटों पर बसों को चला दिया गया है।