परवाणू (सोलन)। परवाणू में डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने छह टीमों का गठन किया है। बरसात के मौसम में परवाणू में सामने आ रहे डेंगू के मामलों से लोग परेशान हैं। परवाणू में अभी तक 27 लोगों को बीमारी ने जकड़ लिया है। जिला स्वास्थ्य विभाग की बनाई टीमें परवाणू में लोगों को डेंगूू के बारे में जागरूक करेंगी। इस बीमारी से ग्रसित लोगों पर नजर रखी जाएगी।
प्रदेश में अभी तक परवाणू में डेंगू के मामले में दूसरे नंबर पर है। जिला भर में डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर रखा है। इस बारे में चर्चा के लिए परवाणू में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी लोगों को बीमारी से बचने के लिए सहयोग की अपील की गई। लोगों को अपने घरों के आसपास सफाई करने के निर्देश जारी किए हैं। परवाणू में बढ़ रहे डेंगू के मामलों से अब स्वास्थ्य विभाग के लिए भी परेशानी बढ़ती जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने परवाणू के कई क्षेत्रों में फॉगिंग शुरू कर दी है। बैठक में स्वास्थ्य विभाग धर्मपुर से आए ओम प्रकाश ठाकुर ने लोगों को डेंगू के मुख्य कारणों और इसकी रोकथाम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विभाग ने परवाणू में डेंगू पर नजर रखने और लोगों को जागरूक करने के लिए छह टीमों का गठन किया है। इसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ इंडस्ट्रीज, गैर सरकारी संगठन के सदस्यों को सदस्य नियुक्त किया है। डेंगू फैलाने में सहायक लोगों के खिलाफ धारा 133 में कम से कम पांच हजार जुर्माना करने की विशेष शक्तियां सहायक आयुक्त परवाणू और बीडीओ धर्मपुर को दी गई हैं।