नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के महादेव गांव स्थित राधा कृष्ण मंदिर में 29 से 31 मार्च तक 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ होगा। गायत्री परिवार से संबंध रखने वाले डॉ. बीएन शर्मा ने बताया कि गायत्री परिवार के प्रेणता देवमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा और माता भगवती देवी शर्मा के सूक्ष्म संरक्षण में गायत्री की विशेष अनुकंपा से आदर्श ग्राम एवं जन कल्याण कार्यक्रम के तहत शांतिकुंज हरिद्वार की ओर से नालागढ़ के गांव महादेव में 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
राष्ट्र को महान बनाने एवं मनुष्य मात्र के कल्याण के लिए इस अवसर का लाभ उठाकर सभी इस कार्यक्रम में शामिल होकर लाभ उठाएं। इस कार्य को संपन्न कराने के लिए शांतिकुंज से विशेष टोली को आमंत्रित किया है। उन्होंने बताया कि 29 मार्च को महादेव मंदिर से कलश यात्रा दोपहर बाद सायं दो बजे से निकाली जाएगी। सायं छह से आठ बजे तक संगीत और प्रवचन होंगे। 30 मार्च को सामूहिक जप, ध्यान, प्रज्ञा, योग व्यायाम, 8 से 11 बजे तक गायत्री महायज्ञ होगा। साढ़े 12 बजे प्रसाद वितरण कार्यक्रम होगा। दोपहर बाद तीन बजे से गोष्ठी शुरू होगी। छह से आठ बजे तक प्रवचन एवं दीप उसके बाद गायत्री महायज्ञ तथा पूर्णाहुति डाली जाएगी। उन्होंने बताया कि चौबीस कुंडीय महायज्ञ की तैयारियां पूरी कर ली हैं। परिवार के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि इस पुनीत धार्मिक कार्य में शामिल होकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं।