नालागढ़ (सोलन)। आरटीओ ने नालागढ़ में देर रात नाका लगाकर बाहरी राज्यों से हिमाचल आने वाली 12 वॉल्वो बसों के चालान काटे और जुर्माना वसूला। ये सभी बसें हिमाचल का टैक्स चुकाए बिना ही प्रदेश सीमा में दाखिल हो गई थीं। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रविंद्र शर्मा की अगुवाई वाली टीम ने बुधवार शाम 7:00 बजे से वीरवार सुबह 4:00 बजे तक कार्रवाई की।
इसमें 131 वाहनों की जांच की गई और खामियां पाए जाने की सूरत में 46 वाहनों के चालान काटकर 55 हजार जुर्माना वसूला। इनमें 12 वॉल्वो बसों को कंपोजिट फीस अदा न करने की सूरत में एक बस से 10 हजार रुपये और अन्य बसों से 15 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। इस दौरान अनियमितताएं पाए जाने और दस्तावेजों की कमी सहित यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा और उनके चालान काटकर मौके पर ही जुर्माना वसूल किया है। आरटीओ नालागढ़ रविंद्र शर्मा ने कहा कि चालान काटने के साथ साथ लोगों को यातायात नियमों को लेकर जागरूक किया और सामग्री भी बांटी गई। उन्होंने वाहन चालकों सहित ट्रांसपोर्टरों से आह्वान किया कि वे अपने वाहनों के दस्तावेज पूर्ण रखें और यातायात नियमों का पालन करें।