खराब पड़े हाइड्रेंट ठीक करने का कार्य शुरू
जिला मुख्यालय में कई सालों से शहर के मुख्य स्थानों पर खराब हाइड्रेंट से हो रही थी दिक्कत
अमर उजाला ने कई दफा उठाया था खराब हाइड्रेंट का मुद्दा
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शहर में आग की घटना से निपटने के लिए सुरक्षा चक्र मजबूत करने का कार्य शुरू कर दिया है। इसके लिए शहर में लंबे समय से खराब पड़े हाइड्रेंट ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया है। इस समस्या को ‘अमर उजाला’ से कई दफा प्रकाशित किया है। इसके बाद अब संबंधित विभाग ने इस पर कार्य करना शुरू कर दिया है। अग्निशमन विभाग के अनुसार शहर में खराब पड़े छह हाइड्रेंट में मुरारी मार्केट, सिटी चौकी सहित एक अन्य स्थान पर लगे हाइड्रेंट को ठीक किया जा चुका है। साथ ही अन्य तीन को ठीक करने का कार्य जारी है। शहर में आग की घटना पर काबू पाने के लिए लगाए फायर हाइड्रेंट खराब पड़े थे। इससे कोई भी अनहोनी होने का खतरा और बढ़ा हुआ था। शहर में विभिन्न जगहों पर आग की घटना से निपटने के लिए 26 हाइड्रेंट लगाए हैं। इनके रखरखाव का जिम्मा नगर परिषद के पास है। कई स्थानों पर तो हाइड्रेंट टूटे पड़े थे। जिन स्थानों पर हाइड्रेंट खराब पड़े थे, उन क्षेत्रों में लोगों की ज्यादा आवाजाही रहती है। यहां पर आपातकालीन स्थिति में अग्निशमन वाहन को पहुंचाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसके चलते आग लगने व अन्य आपातकालीन स्थिति में लोगों सहित व्यापारियों को समस्या झेलनी पड़ रही थी। नगर परिषद और अग्निशमन विभाग ने खराब पड़े हाइड्रेंट को ठीक करने का कार्य शुरू कर दिया है। नगर परिषद सोलन के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि शहर में खराब पड़े हाइड्रेंट को ठीक करने का कार्य किया जा रहा है।
यहां पड़े थे हाइड्रेंट खराब
शहर में मुरारी मार्केट, पुराना डीसी चौक, डिग्री कॉलेज, कसाई गली, सर्कुलर रोड, सन्नी साइड में फायर हाइड्रेंट खराब पड़े थे। इन स्थानों पर ज्यादा भीड़भाड़ रहती है। इससे पहले भी आग लगने की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
अब तक तीन हाइड्रेंट किए ठीक
अग्निशमन विभाग सोलन के लीडिंग फायरमेन देवेंद्र दत्त शर्मा ने बताया कि शहर में छह जगह खराब पडे़े हाइड्रेंट को ठीक करने का कार्य शुरू हो चुका है। अभी तक तीन फायर हाइड्रेंट को ठीक किया जा चुका है। बाकियों को ठीक करने का कार्य जारी है।