नालागढ़ (सोलन)।
पथ परिवहन निगम से सेवानिवृत्त कर्मचारियों में तीन माह से पेंशन न मिलने से भारी रोष है। एचआरटीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच का कहना है कि पेंशन न मिलने से उनको घर-परिवार को चलाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पेंशनर कल्याण मंच नालागढ़ इकाई के अध्यक्ष बाबूराम ठाकुर की अध्यक्षता में एचआरटीसी वर्कशॉप के पास बैठक हुई। इसमें पेंशनरों ने पेंशन का भुगतान न होने पर जहां कड़ा रोष जताया है, वहीं पेंशनरों ने निगम प्रबंधन और सरकार से मांग की है कि एचआरटीसी के पेंशनरों के पेंशन का भुगतान समय पर किया जाए, ताकि पेंशनरों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष जयकिशन राणा और प्रदेश सचिव रामस्वरूप चौधरी ने कहा कि पेंशन का प्रतिमाह स्थाई भुगतान न होने से एचआरटीसी के पेंशनरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पेंशनरों ने पेंशन भुगतान हर माह करने के लिए सरकार व निगम प्रबंधन से मांग की है।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी को नियमित पेंशन न मिलने से पेंशनरों को परिवार का भरण पोषण करना मुश्किलों भरा हो गया है। मंच ने सरकार से मांग की कि पेंशनरों की इस समस्या का जल्द निवारण किया जाए। प्रधान बाबूराम ठाकुर ने कहा कि एचआरटीसी के पेंशनरों को जुलाई 2015 से कोई भी देय भत्ता नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि रिवाइज्ड पेंशन कैश हेड ऑफिसर में तीन चार साल से लंबित पड़ा है। उन्होंने कहा कि 4-9-14 की इंक्रीमेंट का एरियर 2012 से लंबित पड़ा है। उन्होंने कहा कि पेंशन के रिवाइज होने वाले केस 2012 के बाद नहीं हुए है। उन्होंने कहा कि अपना सारा जीवन एचआरटीसी और प्रदेश की जनता की सेवा में लगाने के बाद अंतिम पड़ाव पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सभी मांगें पूरी होनी चाहिए। बैठक में हंसराज, रामरतन, चरणदास, प्रीतम सिंह, जयपाल, हरपाल, रविंद्र सिंह, जगतराम, अजीत सिंह, लक्ष्मण दास, रघुवीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, भीम सिंह, जसपाल सिंह, सुंदर लाल, सतपाल, कमल, भागा राम, रामलाल आदि मौजूद रहे।