परवाणू विवाद में नुकसान के दावे एक सप्ताह तक
समाधान को लेकर अंतरिम प्रशासनिक निकाय की टीम ने शुरू की कवायद
वाहनों के दैनिक संचालन सुनिश्चित करने का होगा जिम्मा
अमर उजाला ब्यूरो
परवाणू (सोलन)। परवाणू औद्योगिक क्षेत्र में परस्पर विवाद के समाधान को लेकर अंतरिम प्रशासनिक निकाय ने कवायद शुरू कर दी है। इसमें अतिरिक्त उपायुक्त ने इंडस्ट्रियल एसोसिएशन और ट्रांसपोर्ट कंपनियों के प्रतिनिधियों से की बैठकें करना शुरू कर दी है। इस विवाद से हुए नुकसान के दावे की एक सप्ताह में रिपोर्ट की जा सकेगी।
जानकारी के अनुसार सोलन जिले के औद्योगिक परवाणू क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कंपनियों के परस्पर विवाद के चलते वाहनों के दैनिक संचालन में आने वाली बाधाओं और उससे वाहन मालिकों, श्रमिकों और औद्योगिक इकाइयों को हुए नुकसान के आकलन के लिए उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार टीम गठित की गई है। इसकी अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सोलन विवेक चंदेल की कर रहे है। इसमें गठित अंतरिम प्रशासनिक निकाय की टीम ने कार्य करना शुरू कर दिया है। निकाय में सदस्यों के तौर पर सहायक आयुक्त (प्रोटोकॉल) परवाणू, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, डीएसपी परवाणू, श्रम अधिकारी और सदस्य सचिव सिंगल विंडो क्लीयरेंस शामिल हैं।
उपायुक्त ने की है संबंधित मामले में बैठकें
विवाद के हल और नुकसान के आकलन को लेकर उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने स्वयं इंडस्ट्रियल एसोसिएशन और ट्रांसपोर्ट कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बाकायदा बैठकें कीं। उन्होंने अंतरिम प्रशासनिक निकाय के अध्यक्ष और अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी को निर्देश जारी किए हैं। उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार विवाद के परिणाम स्वरूप वाहन मालिकों, श्रमिकों और इंडस्ट्रियल यूनियन को जो नुकसान हुआ है, उसका जल्द आकलन हो। जिनको नुकसान हुआ है वे तथ्यों के साथ अपने दावे की रिपोर्ट एक सप्ताह में सदस्य सचिव सिंगल विंडो क्लीयरेंस उद्योग विभाग परवाणू को दे सकते हैं।
सूचना के लिए पब्लिक नोटिस भी किया है जारी
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल ने बताया कि विवाद के समाधान और नुकसान के आकलन के लिए एक सप्ताह के भीतर देनी होगी। इसमें तथ्यों सहित नुकसान की रिपोर्ट सिंगल विंडो क्लीयरेंस कार्यालय परवाणू में जमा करवाने को लेकर पब्लिक नोटिस जारी किया है।