पुलवामा में आतंकवाद हमले के विरोध शहर बंद
कारोबारियों ने बंद रखीं दुकानें, सोलन बाजार, माल रोड से पुराने उपायुक्त कार्यालय तक निकाली रैली
उपायुक्त कार्यालय के समीप फाड़ा पाकिस्तानी झंडा, पुलवामा के शहीदों को दी श्रद्धांजलि
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों पर हुए आतंकवादी हमले के विरोध सोलन शहर के सभी कारोबारियों ने अपनी दुकानें करीब 12 बजे तक बंद रखीं। इस दौरान शहर सुबह के समय बिल्कुल शांत रहा। करीब नौ बजे शहर में पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे सुनाई देने लगे। इस बंद में भाजपा, भाजयुमो, व्यापार मंडल सहित अन्य सामाजिक संस्थाओं ने भाग लिया। सोलन शहर के माल रोड, अपर बाजार, लोअर बाजार, लक्कड़ बाजार, कोटलानाला सहित अन्य बाजार बंद रहे। शहर के सभी बाजारों से होते हुए मालरोड और डीसी चौक पर धरना-प्रदर्शन भी किया। सैकड़ों लोगों आक्रोश रैली निकालकर पाकिस्तान की कायरता पर उसे जमकर लताड़ लगाते हुए पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके अलावा स्थानीय लोगों ने पुलवामा में शहीद जवानों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
उपायुक्त चौक पर फाड़ा पाकिस्तान का झंडा
भाजयुमो के कार्यकर्ताओं और युवाओं ने आक्रोश रैली के दौरान डीसी चौक पर पाकिस्तान का झंडे का फाड़ कर अपना गुस्सा जाहिर किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि पाकिस्तान ने जिस कायरता के साथ पीठ के पीछे वार कर हमारे सैनिकों को शहीद किया है, इसका बदला हमारा देश जरूर लेगा। युवाओं ने प्रधानमंत्री से मांग करते हुए कहा कि इस हमले का बदला सरकार जल्द से जल्द ले।
जबरन करवाई दुकानें बंद
आक्रोश रैली के दौरान माल रोड पर स्थित कई सब्जियों और फलों की दुकानों को लोगों जबरन बंद करवाया। हालांकि बाजार बंद का एलान पहले से ही कर दिया गया था, लेकिन कुछ लोगों ने सुबह के समय ही दुकानें खोलकर रखीं थीं। इसे बाद में लोगों के आक्रोश को देखते हुए बंद कर दिया गया। इस दौरान पूरा माल रोड, ओल्ड डीसी ऑफिस पूरी तरह से जाम हो गया था।