धर्मपुर पड़ाव संपर्क मार्ग की कम चौड़ाई बनी आफत
डेढ़ दर्जन ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ता है मार्ग, संकरे मार्ग से हो रही परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मपुर (सोलन)। धर्मपुर से सिहारड़ी संपर्क मार्ग पर धर्मपुर पड़ाव में एमईएस परिसर के साथ लगती करीब 100 मीटर सड़क की चौड़ाई कम होने से यातायात बाधित हो रहा है। इस संपर्क मार्ग पर स्कूली बच्चों, कॉलेज स्टाफ को चलने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संपर्क मार्ग पर सीडीपीओ, खंड विकास अधिकारी कार्यालय सहित कई कार्यालय हैं जहां लोग अपने कार्यों के लिए आते हैं। इस संपर्क मार्ग से डेढ़ दर्जन छोटे-बड़े ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलती है। आज तक किसी भी विभाग ने इस समस्या का समाधान नहीं किया। इसके चलते रोजाना लोगों को समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी दीक्षा देवी, आंजी मातला के प्रधान खुशी राम, वार्ड सदस्य मीनाक्षी, वेद प्रकाश, सीता राम, लीलादत्त, गौरव बग्गा, राजीव, संजीव, घनश्याम, रूपदत्त, गजेंद्र, बलदेव, राकेश, मायादत्त, ओम प्रकाश, कमलदेव, ओम प्रकाश ने मांग कर कहा कि इस संपर्क मार्ग का धर्मपुर से आने वाला भाग बहुत तंग है। इस कारण दिन में कई बार यहां जाम लगा रहता है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने अस्थायी बस स्टाप के पास वैकल्पिक मार्ग का निर्माण करने की मांग उठाई है। धर्मपुर बीडीसी सदस्य दीक्षा देवी व आंजी मातला पंचायत के प्रधान खुशी राम की अगुवाई में जल्द प्रदेश के सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. राजीव सैजल से मिलकर सड़क को चौड़ा करने की गुहार लगाई जाएगी।