बड़ोग के समीप एनएच पर दरका पहाड़
यातायात सोलन बाईपास से किया डायवर्ट
मलबा गिरने से एक कार भी हुई क्षतिग्रस्त, भूस्खलन में जानमाल का नुकसान नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। कालका-शिमला एनएच पर बड़ोग के समीप अचानक से पहाड़ी दरक गई। एनएच पर पहाड़ी गिरने के चलते करीब 4 बजे से बड़ोग वाले मार्ग को प्रशासन ने बंद कर दिया। इस दौरान पहाड़ी गिरने से सड़क पर आ रही एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि इस घटना में किसी तरह के जान माल का नुकसान नहीं हुआ है।
बड़ोग के पास मार्ग पर भारी मलबा गिरने के चलते एनएच को सोलन बाईपास से डायवर्ट कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि शाम चार बजे के करीब बड़ोग के समीप एक पहाड़ी एनएच पर आ गिरी। इस दौरान इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह से रुक गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर यातायात को सोलन बाईपास और कुमारहट्टी से डायवर्ट किया। गनीमत यह है कि भूस्खलन में किसी को जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। एनएच पर मलबा गिरने के बाद फोरलेन कंपनी और विभाग के कर्मचारी इसे हटाने में जुट गए है। मार्ग पर पूरी पहाड़ी दरकने के चलते शाम तक इसे सुचारु नहीं किया जा सका था। पहाड़ी गिरने के चलते सोलन से कुुमारहट़्टी तक कुछ समय के लिए जाम भी लगा रहा, लेकिन बाद में पुलिस ने यातायात को जल्द ही सुचारु कर दिया। अब शिमला और चंडीगढ़ से आने वाले सभी वाहन कुमारहट्टी बाईपास से जा रहे हैं। बताया जा रहा कि रात तक बड़ोग बाईपास को सुचारु कर दिया जाएगा। एएसपी सोलन शिव कुमार ने बताया कि बड़ोग के पास एनएच पर मलबा गिरने के चलते यातायात को कुमारहट्टी से डायवर्ट किया गया है।