एसएफआई ने फूंका मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का पुतला
सोलन कॉलेज में छात्र संगठन ने किया प्रदर्शन, छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग उठाई
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। पीजी कॉलेज सोलन में बुधवार को एसएफआई ने छात्र संघ चुनाव की बहाली करने को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम को पुतला फूंका। इस दौरान छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और राज्य सरकार से छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। सोलन इकाई के जिला सचिव पंकज ने बताया कि एसएफआई इकाई ने राज्य कमेटी के आह्वान पर पुतला फूूंक कर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि अगर प्रदेश सरकार आने वाले समय के अंदर छात्र संघ चुनाव की बहाली नहीं करती है तो एसएफआई उग्र आंदोलन करेगी। पुतला दहन के दौरान धरने को संबोधित करते हुए पंकज ने कहा कि 2013 के बाद कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के अंदर छात्रों के जनवादी अधिकार छात्र संघ चुनाव पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बाद एसएफआई प्रदेश भर में लगातार छात्र संघ चुनाव की बहाली के लिए संघर्ष करती आई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार भी कांग्रेस सरकार की तरह ही छात्र विरोधी नीतियां अपना रही हैं। उन्होंने कहा कि अपने चुनावी वादे से मुकर कर रूसा को जारी रखना और अभी तक छात्र संघ चुनाव को बहाल न करवाना सरकार की मंशा को दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे प्रदर्शन जारी रहेंगे। इस मौके पर एसएफआई छात्र संगठन के कार्यकर्ता भी मौजूद थे।