दाड़लाघाट (सोलन)। बागा में सीमेंट प्लांट प्रबंधन के खिलाफ बेरोजगार युवा मंच मांगल ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। बुधवार को आमरण अनशन पर अनिल कुमार, रूपलाल, श्यामलाल, रोहित कुमार, मेहर चंद, मुंशी लाल और राकेश कुमार बैठे। इस मौके पर हिमाचल किसान सभा के राज्य अध्यक्ष डॉ. केएस तंवर ने कहा कि स्थानीय लोगों को स्थानीय उद्योग में स्थायी रोजगार मिलना चाहिए।
स्थानीय लोगों की मूलभूत सुविधाओं को छीनकर उद्योग स्थापित किया गया। उद्योग प्रबंधन ने स्थानीय लोगों को विश्वास दिलाया था कि मांगल के क्षेत्र में विस्थापित और प्रभावित लोगों के हर परिवार से एक-एक सदस्य को स्थायी नौकरी उनकी योग्यता के आधार पर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि मांगों को नहीं माना गया तो कंपनी के लिए मांगल क्षेत्र में मिलने वाली सुविधाएं बंद कर दी जाएगी। इसकी पूर्ण जिम्मेवारी कंपनी प्रबंधन और प्रशासन की होगी। मांगल के लोगों ने कहा कि अगर अब मांगल के लोग चाहे वहां विस्थापित और प्रभावित रोजगार नहीं दिया गया तो आने वाला समय यूटीसीएल के लिए कठिन होगा। मांगल के लोगों के साथ हर लोगों का सहयोग आ रहा है। बीडीसी सदस्य और यूटीसीएल मजदूर संघ के प्रधान सुरेश कुमार ने कहा कि मांगें नहीं मानी तो कंपनी की हर तरफ से मूलभूत सुविधा बंद कर दी जाएगी।