बद्दी/नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ ने पुरानी पेंशन योजना को फिर से बहाल करने की मांग की है। संघ की जिला इकाई ने बैठक कर अध्यापकों की समस्याओं और मांगों पर भी चरचा की। नालागढ़ उपमंडल के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल राजपुरा में आयोजित संघ की बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान नरोत्तम वर्मा ने की।
संघ के जिलाध्यक्ष नरोत्तम वर्मा ने कहा कि जिला इकाई की इस बैठक में अध्यापकों की समस्याओं और मांगों को लेकर गहनता से विचार विमर्श कर प्रस्ताव पारित किए गए। संघ की जिला इकाई की प्रमुख मांगों में पुरानी पेंशन योजना को बहाल करना, एलटी और शास्त्री को टीजीटी का दर्जा, अध्यापकों को नॉन टीचिंग कार्य से मुक्त करना, पीजीटी को प्रवक्ता का पद्नाम, डीपीई को प्रवक्ता शारीरिक शिक्षा, नॉन बीएड कॉमर्स लेक्चरर को नियमित करना आदि शामिल हैं। इसके अलावा डाटा एंट्री आपरेटर की नियुक्ति करना, तीन सौ अर्जित अवकाश जमा होने के बाद हर वर्ष के अवकाश को जोड़ना, नए माध्यमिक स्तरोन्नत स्कूलों में सभी पदों को यथावत रखना, प्रोबेशन पीरियड को खत्म करना, ं16 सालों से कार्य कर रहे कंप्यूटर शिक्षकों के लिए ठोस नीति बनाना और जिले के सभी शिक्षा खंडों का पुनर्गठन करना आदि शामिल है।
बैठक में संघ के जिला महासचिव कश्मीरी लाल, वित्त मंत्री राकेश शर्मा, संरक्षण अदित कंसल, सलाहकार कमल सैणी और योगेश कुमार, वरिष्ठ उपप्रधान श्याम लाल धीमान, सहसचिव दर्शन चौधरी, लोकेश कुमार, ज्योत्सना कुमारी, श्याम लाल चौधरी, रमेश कुमार, विजय कुमार, अनुज शर्मा, उपेंद्र, अरुण कुमार, अमर सिंह, कुठाड़ खंड प्रधान खेमचंद, कंडाघाट के महासचिव मनोज कुमार, धर्मपुर के कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार, रामशहर खंड प्रधान प्यारे लाल, नालागढ़ खंड प्रधान ध्यान सिंह, सचिव कुलदीप, राजिंद्र शर्मा और लायक राम आदि मौजूद रहे।