नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के फ्रेंड्स कालोनी में चल रही रामकथा में आचार्य पवन कुमार शर्मा ने कहा कि जिस घर में रामायण है वहां आपसी भाईचारा और राम भरत जैसा प्रेम हो जाता है। कहा कि जिस जगह पर रामकथा का प्रवाह होता है वहां पूरा क्षेत्र राममयी हो जाता है। भगवान अपने प्रेमी भक्त के प्रेम के चलते इस धरा पर अवतार लेते हैं और प्रभु भी अपने भक्तों के प्रेम से इतने रीझ जाते हैं कि उनके साथ खेलना, रहना सहित लीलाओं का आनंद लेने के लिए प्रकट होते है। स्वयं भगवान शंकर उमा भवानी से कहते है कि मैं बलि जाऊं इन प्रेमी भक्तों के जिनके कारण हमें प्रभु की बाल व मनुष्य लीलाओं को देखने व अवलोकन करने का आनंद अवसर मिलता है। नरेंद्र पुरी ने कहा कि नित्य प्रतिदिन कथा के साथ भंडारे का आयोजन हो रहा है, जबकि 19 नवंबर को कथा विराम के साथ सुबह 11 बजे हवन की पूर्णाहुति के साथ 3 बजे से विशाल भंडारा वितरित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वह इस पावन अवसर पर कथा श्रवण करने के लिए पधार कर पुण्य के भागी बनें।