सोलन। पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में आयोजित लड़कों की 20वीं सब जूनियर अंतर स्कूल हॉकी टूर्नामेंट के दूसरे दिन मेजबान पाइनग्रोव स्कूल ने अपने दूसरे मैच में भी जीत दर्ज की। पाइनग्रोव ने लॉरेंस स्कूल सनावर को 2-0 से हराकर मैच जीत लिया। दीपक और मेहताब ने एक बार फिर से बेहतरीन प्रदर्शन किया तथा विरोधी टीम की रक्षा पंक्ति को हिलाकर रख दिया। दीपक ने मैच के 8वें मिनट और 48वें मिनट में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दाग कर अपनी टीम को जीत दिलाई।
लॉरेंस स्कूल सनावर की टीम कोई गोल नहीं कर सकी और उन्हें मुंह की खानी पड़ी। पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर के दीपक को मैन आफ द मैच से पुरस्कृत किया गया। बिशप कॉटन स्कूल (बीसीएस) शिमला ने सिंधिया स्कूल ग्वालियर को 10-0 से हराकर अपनी टीम को शानदार विजय दिलाई। बीसीएस स्कूल के लिए पूर्ण राजटा ने 4 गोल किए। दक्ष और मनन ने 3-3 गोल किए। सिंधिया स्कूल की टीम में सभी नए खिलाड़ी थे। इसके कारण उन्हें मुंह की खानी पड़ी। बीसीएस के पूर्ण को मैन आफ द मैच से सम्मानित किया गया। दूसरे दिन के एक अन्य मैच में लारेंस स्कूल सनावर और मेयो कालेज अजमेर को हराकर जीत दर्ज की।
मैच शुरू होते ही लारेंस स्कूल सनावर ने अपनी पकड़ मजबूत रखी और एक के बाद एक गोल करने में सफल रही। लॉरेंस स्कूल सनावर के जयराम ने अपना आक्रामक खेल दिखाते हुए मैच के 14वें और 21वें मिनट में दो गोल किए। इसके बाद मेयो कॉलेज अजमेर की टीम अपनी रक्षात्मक रणनीति तो बदली लेकिन टीम कोई भी गोल करने में सफल हुई। सनावर के जयराज को मैन आफ द मैच से पुरस्कृत किया गया। यह टीमें पहुंची सेमीफाइनल के लिए इसके अलावा पीपीएस नाभा ने बीसीएस शिमला को 3-0 से हराया।
पीपीएस नाभा के गुरमुख और जसकरण ने शानदार खेल दिखाते हुए टीम को सेमीफाइनल में प्रवेश दिलाया। नाभा के गुरमुख ने अपनी टीम के लिए दो गोल दागे। जसकरण को एक गोल करने का मौका मिला। गुरमुख को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। दिन के अंतिम मैच में मेजबान स्कूल पाइनग्रोव ने एक रोमांचक मैच में मेयो कॉलेज अजमेर को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मेयो कॉलेज अजमेर के खिलाड़ियों ने भी मैच में वापसी का प्रयास किया लेकिन पाइनग्रोव की रक्षा पंक्ति को भेदने में कामयाब नहीं हो पाई। मेजबान स्कूल के दीपक, गुरप्रीत और राजकुंवर ने अपनी टीम के लिए एक-एक गोल किया। मेहताब को मैन आफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।