108 व 102 एम्बुलेंस के कर्मचारी मालरोड पर रैली निकलते हुए। संवाद
मांगों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त के माध्यम से सरकार को भेजा ज्ञापन
न्यूनतम वेतन न मिलने से गुस्साए कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रदेशभर से जुटे सीटू संबंधित 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर शनिवार को सोलन के मालरोड पर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने एंबुलेंस संचालन कंपनी के प्रबंधन की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर गुबार निकाला। इस दौरान पुराने बस स्टैंड से उपायुक्त चौक तक रैली निकाली गई और अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) राहुल जैन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा गया। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी वर्षों से उनकी जायज मांगों को अनसुना कर रही है। अदालत के आदेशों के बावजूद भी कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन नहीं दिया जा रहा है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कहा कि वे मजबूरी में काम छोड़कर सड़कों पर उतरे हैं, क्योंकि सरकार और कंपनी के बीच तालमेल न होने का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। एंबुलेंस कर्मचारियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कंपनी ने कई ऐसी एंबुलेंस सड़कों पर उतारी हैं, जो तकनीकी रूप से फिट नहीं हैं। इससे न केवल मरीजों की जान को खतरा है, बल्कि एम्बुलेंस स्टाफ की जिंदगी भी दांव पर लगी रहती है। कर्मचारियों ने बताया कि उनसे 12-12 घंटे काम लिया जा रहा है और छुट्टी मांगने पर प्रबंधन साफ मना कर देता है।
कोट
सरकार और कंपनी मिलकर कर्मचारियों का शोषण कर रही हैं। हमें दिन-रात ड्यूटी पर तैनात रखा जाता है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं मिलता। यदि जल्द ही न्यूनतम वेतन लागू नहीं किया गया और काम के घंटे तय नहीं हुए, तो आने वाले समय में एम्बुलेंस सेवाएं पूरी तरह ठप कर दी जाएंगी।
-सीटू प्रतिनिधि, एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन
108 व 102 एम्बुलेंस के कर्मचारी मालरोड पर रैली निकलते हुए। संवाद