सोलन। शहर के मुख्य बाजार में पेयजल पाइप फटने से बाजार तालाब में तबदील हो गया। इसके चलते हजारों लीटर पानी भी व्यर्थ सड़क में बहता रहा। इससे स्थानीय कारोबारी सहित राहगीरों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों को वितरित किए जाने वाला पानी करीब पांच घंटे व्यर्थ बहता रहा। इसी के साथ बाजार में व्यापारियों ओर खरीदारी करने के लिए आए लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने रास्ते और दुकान के बाहर पानी के रुख को मोड़ने के लिए बोरियां बिछाने के लिए मजबूर होना पड़ा। लेकिन पांच घंटे बीत जाने के बाद भी समस्या जस की तस बनी रही। इसके बाद नगर परिषद के कर्मचारियों ने पानी को बंद किया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब पांच बजे सप्लाई आते ही पेयजल पाइप मुख्य बाजार स्थित बघाट बैंक के समीप फट गई। इससे कुछ देर बाद बाजार पानी से लबालब भर गया। इससे स्थानीय लोगों सहित कारोबारियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी है। नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि पानी के बहाव का अधिक प्रेशर होने के कारण पाइप फट गई थी। इससे दुरुस्त करवाने के लिए मौके पर कर्मचारियों भेज दिया था जिसके बाद उसे दुरुस्त कर दिया था।