अमर उजाला ब्यूरो
कुनिहार (सोलन)।
कुनिहार की कोठी पंचायत के सहवार निवासी सैनिक आशीष चौधरी का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया। 24 साल के आशीष चौधरी तीन साल पहले भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। सेवाओं के दौरान ही किन्ही कारणों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका इलाज सेना अस्पताल जतोग में चल रहा था। शुक्रवार रात्रि उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और शनिवार सुबह पांच बजे निधन हो गया। जैसे ही उनके निधन की खबर कुनिहार पहुंची, वैसे ही कुनिहार जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार को सांत्वना देने के लिए सुबह से ही आशीष के घर पर लोगों का जमावड़ा लग गया। जानकारी के अनुसार आशीष चौधरी भारतीय सेना के 9 जाट रेजीमेंट में भर्ती हुए थे। वह अपने पीछे वृद्ध माता-पिता के अलावा एक छोटा भाई छोड़ गए हैं। 22 राजपूत रेजीमेंट के सूबेदार मैनपाल, हवलदार महिपाल, नायक छोटेलाल और अन्य सेना के जवानों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। डीएसपी दाड़लाघाट अमित शर्मा से कहा कि सहवार गांव में सेना के जवान का निधन हुआ है, इसकी जानकारी देरी से मिली।
000