सोलन। पुलिस अब आत्महत्या के मामले को रोकने के लिए एक योजना के तहत काम करेगी। पुलिस युवाओं को जागरूक करेगी तथा आत्महत्या के कारण जानने के बाद उनके समाधान पर काम करेगी। इस मुहिम में स्वयंसेवी संस्थाओं की भी मदद ली जाएगी। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने शुक्रवार को आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में दी। उन्होंने थाना प्रभारियों को आपराधिक मामलों को जल्द से जल्द निपटाने के आदेश दिए। उन्होंने थानों में मामले को लंबे समय तक न लटकाने की हिदायत देते हुए पुलिस अधिकारियों से लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध बनाने का आह्वान भी किया। एसपी मोहित चावला शुक्रवार को सोलन में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बढ़ती चोरियों और आत्महत्या की घटनाओं पर भी चिंता जाहिर की। एसपी ने कहा कि पुलिस अपराध रोकने के लिए हर स्तर तक काम करेगी। उन्होंने कहा कि आत्महत्या जैसे संगीन मामलों को रोकने के लिए पुलिस व्यापक अभियान चलाएगी। इसमें शैक्षणिक संस्थानों में युवाओं को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद से भी युवाओं को जागरूक किया जाएगा। एसपी मोहित चावला ने कहा कि पुलिस रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ही हाइवे पर गश्त को जारी रखेगी। साथ ही नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा। इस दौरान छोटी-छोटी सूचनाओं के लिए आम तबके व स्थानीय लोगों की मदद ली जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारियों से संपर्क बढ़ाने का भी आह्वान किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने जिलाभर में पुलिस कर्मचारियों को पेश आ रही समस्याओं पर भी चर्चा की और उनके निपटारे के निर्देश जारी किए। इस मौके पर जिला मुख्यालय के पुलिस अधिकारियों के अलावा थाना प्रभारी मौजूद थे।