अमर उजाला ब्यूरो
सोलन।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में सोमवार को एक बार फिर खूब हंगामा हुआ। मरीजों को समय पर उपचार न मिलने से आहत तीमारदारों ने ऑर्थो ओपीडी के बाहर प्रदर्शन किया। प्रशासन से सोलन अस्पताल में ताला लगाने मांग की। हंगामे की वजह से ऑर्थो वार्ड में ओपीडी करीब साढ़े 11 बजे शुरू हो पाई है। अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे तीमारदारों ने कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं बुरी तरह से चरमरा गई हैं। अस्पताल में न तो डॉक्टर समय पर बैठ रहे हैं और न ही ओपीडी के बाहर रोगियों को बैठने के लिए कोई उचित व्यवस्था की गई है। इसके चलते आए दिन अस्पताल में रोगियों को हंगामा करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। जोनल अस्पताल मेें करीब 1200 की ओपीडी है। जानकारी के अनुसार सोलन निवासी आशु गुप्ता जो कि सुबह गिर गई थी। इसके कारण उनकी टांगों में चोट आई थी। उन्हें 108 की सहायता से सोलन जोनल अस्पताल के आपातकाल कक्ष में पहुंचाया गया लेकिन यहां उन्हें उपचार नहीं दिया गया। तैनात डॉक्टर ने घायल मरीज को ओपीडी में रेफर कर दिया। जब घायल मरीज को ओपीडी में लाया गया तो वहां डॉक्टर मौजूद नहीं था। इलाज न मिलता देख परिजन भड़क गए। अन्य रोगियों ने भी अस्पताल प्रशासन के खिलाफ हल्ला बोल दिया। अस्पताल में सुबह 9 बजे से डॉक्टर की राह देख रहे लोग, मरीज एमएस कार्यालय पहुंच गए जहां उन्होंने अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
...
लोगों को मिले बैठने की उचित सुविधा : मुकेश गुप्ता
व्यापार मंडल सोलन के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने कहा कि अस्पताल में रोगियों को बैठने के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं है। इसके चलते रोगियों को घंटों खड़े रहना पड़ता है। कहा कि रोगी सुबह से दोपहर तक अपनी बारी का इंतजार करते रहते हैं। बैठने की सुविधा प्रदान की जानी चाहिए। इसके लिए व्यापार मंडल उन्हें बैंच और अन्य सुविधा देने के लिए भी तैयार है।
...
वेटिंग कक्ष का होगा निर्माण
एमएस महेश गुप्ता ने कहा कि ओपीडी में डाक्टर के देरी से बैठने की सूचना मिली। कहा कि ऑर्थो के दो डाक्टर हैं, उसमें से एक कोर्ट के कार्य से बाहर गए थे, वहीं दूसरा डॉक्टर रोगियों के वार्डों में जांच के लिए गए थे। इसके चलते उन्हें ओपीडी में बैठने के लिए देरी हुई है। कहा कि आपातकाल में यदि किसी रोगी का इलाज नहीं हो सका ह,ै इस बारे में जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। रोगियों को बैठने के लिए उचित सुविधा प्रदान करवाने के लिए एक अलग से वैटिंग कक्ष का निर्माण किया जाएगा।
00