अमर उजाला ब्यूरो
दाड़लाघाट (सोलन)।
पलोग गांव में मां मनसा जागरण मंडल पलोग की ओर से जागरण और भंडारे का आयोजन किया गया। सबसे पहले मुकेश शर्मा ने गणपति वंदना की। मुकेश ने हे गणपति दीनदयाल श्रीशिव गौरा दे लाल सहित अन्य भजनों को गाया। वहीं अजीत शर्मा ने बाबा बालक नाथ के भजन तथा मास्टर यश राज शर्मा ने पहाड़ी भजनों की प्रस्तुति देकर लोगों को भक्तिरस में डुबो दिया।
इस बीच जागरण मंडल की ओर से गणपति, सरस्वती, मां दुर्गा, श्री कृष्ण सहित कई झांकियां निकाली गईं। इसके बाद मंडली के अन्य कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी। इससे पहले देवता मढोड कमेटी के पदाधिकारियों ने महामाई की ज्योति को प्रज्ज्वलित किया। मंडली के सदस्य ने बताया कि 3 वर्षों से वे लगातार जागरण और भंडारे का आयोजन करते आ रहे हैं।
इसमें स्थानीय लोगों सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग भाग लेते हैं। इस मौके पर देवता मढोड कमेटी के सचिव परसराम शर्मा ने मंडली को 2100 रुपये तथा पाकशाला के लिए 5100 रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर पंचायत पलोग के मांझू से संबंध रखने वाले भारतीय कबड्डी टीम के खिलाड़ी रहे प्रदीप चौहान विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।