जिले में मतगणना के लिए दो केंद्र किए हैं प्रस्तावित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। चुनाव की घोषणा के बाद चुनावी प्रक्रिया पूरी करने के लिए आचार संहिता के साथ चुनाव संपन्न कराने के लिए कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। कई पाबंदियों के साथ जरूरी दिशा निर्देश भी जारी किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट का समुचित प्रबंध कर इन्हें स्ट्रॉंग रूम में सुरक्षित रखा गया है। इससे संबंधित प्रशिक्षण, प्रेषण के लिए भी केंद्र चिन्हित कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में मतगणना के लिए 2 केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं।
जिसमें 50-अर्की, 53-सोलन और 54-कसौली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना राजकीय डिग्री कॉलेज सोलन और 51-नालागढ़ व 52-दून विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना राजकीय डिग्री कॉलेज नालागढ़ में की जाएगी। चुनावी प्रक्रिया की घोषणा होने के साथ ही जिले में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव अभियान एवं प्रचार सामग्री में ईको फ्रैंडली सामग्री का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। रात 10 बजे से सुबह 6:00 बजे तक लाउडस्पीकर के उपयोग पर पाबंदी रहेगी। साथ ही सार्वजनिक संपत्ति को खराब करने पर रोक सहित चुनावी पोस्टर की प्रिंटिंग इत्यादि का भी धारा 127 ए के तहत नियमन किया गया है।
इनसेट
मतदाताओं को मिलेगी यह सुविधाएं
जिला निर्वाचन अधिकारी मनमोहन शर्मा ने बताया कि चुनावी प्रक्रिया को लोगों के लिए सुगम बनाने के दृष्टिगत सूचना प्रौद्योगिकी आधारित विभिन्न एप भी जारी किए गए हैं। इनमें मतदाताओं के लिए वोटर हेल्पलाइन, दिव्यांग मतदाताओं के लिए सक्षम ऐप, उम्मीदवारों के बारे में जानकारी से संबंधित केवाईसी एप, आदर्श आचार संहिता की उल्लंघना संबंधित जानकारी प्रदान करने के लिए सी-विजिल एप व उम्मीदवारों के लिए सुविधा एप उपलब्ध है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सी-विजिल एप पर कोई भी व्यक्ति चुनावी प्रक्रिया से संबंधित कदाचार के बारे में जानकारी प्रदान कर सकता है और उसका नाम गुप्त रखा जाएगा। शिकायत पर 100 मिनट के भीतर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इनसेट
लोगो का भी किया विमोचन
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्वीप (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) के तहत जि़ला सोलन के लिए एक लोगो भी जारी किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी लोगों से आग्रह किया है कि वह निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें। यह भी आग्रह किया है कि 50 हजार रुपए की निर्धारित सीमा से अधिक नकदी साथ लेकर न चलें अथवा इसके लिए वांछित दस्तावेज साथ होने आवश्यक हैं।
सोलन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते उपायुक्त मनमोहन शर्मा। संवाद