नाहन। नशीली दवाओं की तस्करी से जुड़े मामले में अदालत ने तहसील नाहन निवासी विशाल चौहान की जमानत याचिका खारिज कर दी है। यह मामला 15 अप्रैल 2026 को कालाअंब थाना में दर्ज है। पुलिस की टीम ने गश्त के दौरान एक मोटरसाइकिल की तलाशी के दौरान सह-आरोपी अमित कुमार के कब्जे से प्रतिबंधित 90 कैप्सूल बरामद किए थे। आरोपी कोई लाइसेंस व परमिट पेश नहीं कर सके। बाद में पुलिस जांच के दौरान आरोपी विशाल चौहान को गिरफ्तार किया। आरोपी गिरफ्तारी के बाद से न्यायिक हिरासत पर केंद्रीय कारागार नाहन जेल में बंद है। उधर, जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने आरोपी को निर्दोष बताते हुए रिहाई की मांग की। अभियोजन पक्ष ने तर्क दिया कि नशे के बढ़ते मामलों को देखते हुए ऐसे आरोपी को जमानत देना समाज के हित में नहीं होगा। इसी आधार पर विशेष न्यायाधीश ने याचिका खारिज कर दी।
संवाद